जिनेवा। भारत ने पहली बार संयुक्त राष्ट्र के समक्ष बलूचिस्तान का मुद्दा उठाया है। भारत ने पाकिस्तान पर मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाया है। साथ ही पाक के कब्जे वाले कश्मीर में मानवाधिकार उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया। भारत ने यह मामला यूएन ह्यूमन राइट्स के 33वें सेशन के दौरान उठाया। भारत ने कहा कि कश्मीर में अस्थिरता का मुख्य कारण पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद है, जो उसकी महत्वाकांक्षाएं से उपजा है। ये बात लगातार होने वाले हमलों से भी साबित हुई हैं। यूएन में भारत के राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि अजित कुमार ने कहा कि पाक का नापाक चेहरा पहले भी दुनिया के सामने आ चुका है। पाक को आतंकवाद का गढ माना जाता है। कई पडोसी देश पहले ही पाक से आतंकवाद पर लगाम लगाने और घुसपैठ रोकने के लिए कह चुके है। उन्होंने कहा कि एक शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक समाज के तौर पर भारत की साख सबको अच्छी तरह से पता है जो कि अपने लोगों के भले के लिए लगातार काम कर रही है। इसके उल्टे पाकिस्तान की पहचान तानाशाही, अलोकतांत्रिक और बलूचिस्तान के साथ अपने ही देश में व्यापक मानवाधिकार उल्लंघन करने वाले की है।