India and Japan also advocated for globalization-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत और जापान ने भी की वैश्वीकरण की वकालत

khaskhabar.com: मंगलवार, 28 मार्च 2017 5:41 PM (IST)
भारत और जापान ने भी की वैश्वीकरण की वकालत
बोआओ (हाईनान), चीन । बोआओ फोरम की सालाना क्रांफ्रेंस में भूमंडलीकरण और खुले व्यापार को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। नेपाल के प्रधानमंत्री सहित कई अन्य देशों के नेताओं ने वैश्वीकरण का समर्थन करते हुए अपने देश में निवेशकों को आमंत्रित किया। जबकि कुछ प्रतिनिधियों ने गरीब मुल्कों के लिए इसे संशयभरा बताया। इस बार बोआओ फोरम की थीम वैश्वीकरण और मुक्त व्यापार है। यूरोपीय यूनियन के टूटने और अमेरिका के वैश्वीकरण से पीछे हटने की तैयारी से जाहिर है कि पश्चिमी देश अपने व्यापार का दायरा सिमटा रहे हैं। दूसरी तरफ चीन वैश्वीकरण के माध्यम से दुनिया में निवेश और व्यापार को प्रोत्साहित करने में जुटा है। जबकि अपने देश में भी विदेशी निवेशकों को अच्छा माहौल देने का वादा कर रहा है। इस नीति में दूसरे देशभी शामिल किए गए हैं। चीन पुराने व्यापारिक मार्ग सिल्क रोड को भी पुनर्जीवित करना चाहता है। इसके लिए चीन ने एक पट्टी एक मार्गके मंच को चुना है। मई में चीन इसका अंतर्राष्ट्रीय सहयोग शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। बोआओ फोरम में भी चीन ने एक पट्टी एक मार्ग की उपयोगिता पर अपना पक्ष रखा। दक्षिण चीन के शहर बोआओ में आयोजित हुए बोआओ फोरम में 50 देशों के 1700 से अधिक राजनीतिक, आर्थिक जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। इस फोरम में वैश्वीकरण, विकास, सुधार और नई अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि भूमंडलीकरण महत्वपूर्ण बिंदु पर पहुंच गया है। यह फोरम नये रास्ते खोजने और सामूहिकता बढ़ाने के लिए उपयोगी साबित होगा। आपसी सहयोग बढ़ाने से एशिया के देश मजबूत होंगे। 2008 से जारी वैश्विक आर्थिक मंदी के बाद एशिया का विश्व की अर्थव्यवस्था में योगदान बढ़ा है। एशिया दुनिया के विकास में 50 प्रतिशत योगदान दे रहा है। बोआओ फोरम के चेयरमैन और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री ने यासुओ फुकोडा ने वैश्वीकरण से पीछे हटने के ट्रेंड को चुनौतीपूर्ण बताया। उनका मनाना है कि वैश्वीकरण लोगों की खुशहाली के लिए फायदेमंद है। चीनी उप प्रधानमंत्री चांग काओली ने एशिया के देशों को आर्थिक वैश्वीकरण और खुले व्यापार के लिए साथ आने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में और अधिक संतुलित विकास के लिए उपाय किए जाने चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दुनिया के हर कोने में भूमंडलीकरण चमकता है। एशियाई देशों को आर्थिक वैश्वीकरण में सक्रियता से भाग लेने से अपनी लम्बी छलांग लगाने का मौका मिल गया है। चांग ने कहा कि चीन खुलेपन की रणनीति पर कायम रहेगा। चीन विदेशी पूंजी-निवेशकों के लिए उत्तम शर्तें भी तैयार करेगा । वहीं फ़िक्की(भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग संगठन) के महासचिव ए. दीदार सिंह ने भी वैश्वीकरण की वकालत की। उन्होंने कहा कि वैश्वीकरण का लाभ एशिया की दो प्रमुख शक्तियों भारत और चीन ने बखूबी उठाया है।बोआओ फोरम फॉर एशिया (बीएफए) का गठन फरवरी 2001 में हुआ। 2002 के बाद बीएफए का सालाना सम्मेलन बोआओ में आयोजित होता है। बोआओ दक्षिण चीन के द्वीप में स्थित हाईनान प्रांत का खूबसूरत शहर है। विश्व आर्थिक फोरम की की तर्ज पर ही बोआओ फोरम का गठन किया गया है। बोआओ फोरम और एक पट्टी एक मार्ग पर भारतीय नजरिए की बात करें तो भारत ने अभी तक इनमें उत्साह नहीं दिखाया है। चीन इन दोनों मंचों का उपयोग एशिया में अपनी सक्रियता बढ़ाने और गरीब देशों को अपने साथ जोड़ने के लिए भी कर रहा है। चीन में भारतीय कारोबारी अतुल डालाकोटी कहते हैं कि चीन और भारत को आपसी सहयोग मजबूत करना चाहिए। इसके लिए दोनों देशों के संबंधित प्रतिनिधियों को ठोस कदम उठाने की जरूरत है (लेखक - जय प्रकाश पांडे, वरिष्ठ पत्रकार, चीन)

अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement