India and Germany Discuss Strengthening Strategic Partnership-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 3:13 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत और जर्मनी ने रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर की चर्चा

khaskhabar.com: शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026 10:11 PM (IST)
भारत और जर्मनी ने रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर की चर्चा
बर्लिन। भारत और जर्मनी ने शुक्रवार को बर्लिन में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा संसदीय स्तर पर सहयोग बढ़ाने को लेकर अहम चर्चा की। यह बातचीत जर्मनी में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते और जर्मन संसद बुंडेस्टाग के क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (सीडीयू) और क्रिश्चियन सोशल यूनियन (सीएसयू) के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व टिलमैन कुबान कर रहे थे। यह बैठक प्रतिनिधिमंडल की 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक नई दिल्ली और बेंगलुरु की यात्रा से पहले आयोजित की गई। जर्मनी स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर बताया कि राजदूत अजीत गुप्ते ने 26 नवंबर को बर्लिन स्थित बुंडेस्टाग में सीडीयू/सीएसयू संसदीय समूह के यूरोपीय मामलों के प्रवक्ता टिलमैन कुबान और अन्य सांसदों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
बैठक में भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और दोनों देशों की संसदों के बीच आपसी संवाद और सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में जान मेट्जलर, फिलिप एम.ए. हॉफमैन, स्टीफन ग्लेसर और एलेन डेमुथ भी शामिल हैं।
इससे पहले 25 नवंबर को अजीत गुप्ते ने जर्मन संसद के सदस्य और भारत-जर्मनी संसदीय मैत्री समूह के उपाध्यक्ष डिर्क वीसे से पॉल लोबे हाउस में मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने पर चर्चा हुई।
24 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में लगातार आ रही मजबूती की समीक्षा की और कई क्षेत्रों में नए अवसरों पर चर्चा की।
बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्‍स' पर कहा कि उनकी चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ उपयोगी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा तथा उन्नत प्रौद्योगिकी (एडवांस्ड टेक्नोलॉजी) जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए रास्तों पर विचार किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में बनी हुई सकारात्मक गति पर संतोष जताया और रक्षा, अत्याधुनिक तकनीक तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस वर्ष भारत और जर्मनी अपने राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न भी मना रहे हैं।
दोनों नेताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने के लिए कई नए अवसर पैदा करेगा। इसके अलावा, दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की और मौजूदा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षीय मंचों पर लगातार सहयोग बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जर्मनी वैश्विक चुनौतियों का सामना करने, शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने तथा नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement