भोपाल। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2022 तक हर परिवार को मकान मालिक (घर) बनाने का ऐलान कर चुके हैं, इसी तरह के वादे मध्य प्रदेश की सरकार भी करती है और मुख्यमंत्री शिवराज सिहं चौहान आगामी दो वर्षों में आठ लाख गरीबों को मकान बनाकर देने का ऐलान कर चुके हैं, मगर राज्य में बीते वर्षों में गरीबों को मकान बनाकर देने के लिए हुए प्रयासों की हकीकत वादों से इतर है, क्योंकि राज्य में लक्ष्य के मुकाबले बीते वर्ष में सिर्फ पांच फीसदी मकान ही बने हैं। देश में ग्रामीण इलाकों में गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण ( इंदिरा आवास योजना) के तहत वर्ष 2015-16 में 20 लाख 79146 मकान बनाने का लक्ष्य रखा गया था, मगर बने 15 लाख 84230 मकान। इस तरह बीते वर्ष लगभग 25 फीसदी मकान अर्थात पांच लाख मकान लक्ष्य से कम बने है। यह खुलासा हुआ है सूचना के अधिकार के तहत केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के जरिए बनाए जा रहे मकानों के ब्यौरे से।
मध्यप्रदेश के नीमच निवासी चंद्रशेखर गौड़ ने जानना चाहा था कि इंदिरा आवास योजना जिसे अब देश में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई-जी) के नाम से जाना जाने लगा है, के तहत ग्रामीण इलाकों में गरीबों के लिए कितने आवास बीते तीन वर्षों में बनाए गए हैं। इस पर राज्यवार जो ब्यौरा आया है, वह हकीकत बयां करने वाला है। केंद्रीय अवर सचिव और केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी पी.के. सिंह ने गौड़ को जो जवाब भेजा है, वह बताता है कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2015-16 में 97 हजार 109 मकान बनाने का लक्ष्य रखा गया था, मगर बने सिर्फ 5261 मकान। इस तरह लक्ष्य के मुकाबले महज पांच प्रतिशत मकान ही बने है। इसके अलावा दो अन्य वर्षों में भी लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सका था।