Holi being celebrated with traditional fervor across Jharkhand, including Ranchi-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रांची सहित पूरे झारखंड में परंपरागत उत्साह के साथ मनाई जा रही होली

khaskhabar.com: बुधवार, 04 मार्च 2026 3:34 PM (IST)
रांची सहित पूरे झारखंड में परंपरागत उत्साह के साथ मनाई जा रही होली
रांची । रांची सहित पूरे झारखंड में होली का पर्व सोमवार को हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहरों और गांवों में रंग-गुलाल की धूम रही। लोग एक-दूसरे को अबीर लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दे रहे हैं। कई स्थानों पर सामूहिक मिलन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि आनंद, उल्लास और भाईचारे का प्रतीक यह रंगोत्सव सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे।
उन्होंने कामना की कि यह पर्व समाज में सौहार्द और सद्भाव को और मजबूत बनाए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सोशल मीडिया के जरिए राज्य की जनता को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रंगों का यह त्योहार प्रेम, भाईचारे और मिल-जुलकर रहने का संदेश देता है। यह पर्व हमें एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और रिश्तों को मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि होली का यह शुभ दिन सभी के जीवन में खुशहाली, नई उम्मीद और ऊर्जा लेकर आए तथा हर घर में सुख-समृद्धि का संचार हो। इधर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, रांची में भी सामूहिक रूप से होली मनाई गई।
प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू और संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठनात्मक एकता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी राज्यवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में कहा कि रंगों का यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए। राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों में युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।
कई स्थानों पर डीजे और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग थिरकते नजर आए। प्रशासन ने भी शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement