Highlights of Senior Citizen Pilgrimage Scheme – 2025 of Devasthan Department-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:25 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना - 2025 की खास बातें, यहां पढ़ें

khaskhabar.com: गुरुवार, 05 जून 2025 1:47 PM (IST)
देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना - 2025 की खास बातें, यहां पढ़ें
जयपुर । राजस्थान सरकार देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना- 2025 के अन्तर्गत मुख्यमंत्री की बजट घोषणा अनुसार पहली बार वातानुकूलित ट्रेन से तीर्थयात्रा करायी जा रही है। राज्य सरकार द्वारा कुल 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन से यात्रा कराने की घोषणा की गयी है। यह वातानुकूलित ट्रेन न केवल वातानुकूलित है, अपितु उसे भव्य रूप में सुसज्जित भी किया गया है। "राजस्थान वाहिनी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन" के रूप इस रेलगाड़ी को राजस्थान की प्रकृति व संस्कृति के अनुरूप सुसज्जित किया गया है, जिससे यह अपनी बाह्य रूपरेखा में पैलेस ऑन व्हील्स से भी अधिक भव्य दिखेगी। इस ट्रेन में कुल चौदह कोच हैं, जिसमें दस कोच यात्री कोच हैं। प्रत्येक डिब्बे पर राजस्थान के वैशिष्ट्य को अलग-अलग थीम पर रखा गया है। जैसे— राजस्थान के दुर्ग, पुरासम्पदा, मंदिर, नृत्य, वाद्य, उत्सव, कला आदि। मरुधरा में सूर्योदय व सूर्यास्त की स्वर्णिम आभा को प्रदर्शित करने के लिए इसकी थीम में पीताभ केसरिया रंग को वरीयता दी गयी है। डिजाइन में राजस्थान के राजसी स्वरूप के साथ-साथ मंदिर व शुभत्व के विविध प्रतीकों व चिह्नों का भी प्रयोग किया गया है। डिजाइन में राजस्थान की पहचान बने पशु-पक्षियों को भी विशेष स्थान दिया गया है। इनमें गाय व ऊँट के अतिरिक्त रणथम्भौर के बाघ व तालछापर के कृष्णमृग को भी स्थान दिया गया है।
ट्रेन में एक कोच को विशेष रूप से भारतीय सेना में राजस्थान के योगदान को समर्पित किया गया है, जिसमें जैसलमेर वार म्यूजियम, तनोट बॉर्डर, महाजन (महाद्वीप की सबसे बड़ी) फायरिंग रेंज का चित्रण प्रमुख है।
पैंट्री कार में राजस्थान के व्यंजनों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। केर-साँगरी, बाजरे की रोटी, राबड़ी, लस्सी, कुल्फी आदि का प्रदर्शन किया गया है।
इसी प्रकार पॉवर कार को भी विशेष रूप से सुसज्जित किया गया है।
कुल मिलाकर प्रयास किया गया है कि राजस्थानी वरिष्ठ जन इस पर सवार होकर अपनी धरती व संस्कृति पर गर्व कर सकें, साथ ही यह ट्रेन जहाँ जाये, वहाँ के जन को भी आकर्षित कर पर्यटन को बढ़ावा दे।
यह विशेष रेलगाड़ी अपने शुभारंभ पर सबसे पहले रामेश्वरम् जा रही है। यह यात्रा आठ दिवसीय है, जो देवस्थान विभाग की तीर्थयात्राओं में सर्वाधिक दूरस्थ है। इसमें रामेश्वरम में रामनाथ स्वामी ज्योतिर्लिंग , धनुषकोटि, ब्रह्मकुंड और मदुरै में प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर के दर्शन मुख्य रूप से शामिल है ।
ट्रेन दुर्गापुरा (जयपुर) से रामेश्वरम् मदुरई वाया सवाई माधोपुर दिनांक 06.06.2025 को दोपहर 11.30 बजे दुर्गापुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। इस गाड़ी में दो स्टेशनों से कुल लगभग 800 यात्री सवार होंगे। उक्त ट्रेन में यात्रियों के आवास, भोजन इत्यादि की समस्त व्यवस्थाएँ देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा की जायेगी फलतः यात्रियों हेतु यात्रा पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।
इन यात्रियों को उक्त दोनों रेलवे स्टेशन पर पहुँचने हेतु सूचित करने के लिए पहली बार ऐप आधारित व्यवस्था भी प्रारंभ की जा रही है, ताकि समस्त प्रक्रिया त्वरित रूप में पूर्ण की जा सके।
एकादशी की तिथि को शुभारंभ के समय श्रीकृष्ण रास के साथ कार्यक्रम संचालन होगा व प्रत्येक तीर्थयात्री को तुलसी माला व पटवस्त्र भी दिया जाकर विदा किया जायेगा।
यात्रा में सभी यात्रियों की देख-रेख हेतु 1 ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में 2 सरकारी कर्मचारी के रूप में अनुदेशक एवं चिकित्सा व्यवस्था हेतु एक डॉक्टर व 2 नर्सिंग अधिकारी भी रहेंगे, जो यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे।
उक्त यात्रा में यात्री अपने साथ ऑनलाइन भरे गये आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी (मय प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र), मूल जनआधार / आधार कार्ड / दो पासपोर्ट साईज फोटो साथ लेकर आना अनिवार्य होगा. साथ ही दैनिक उपयोग की सामग्री लाने होंगे। भोजन, भ्रमण, यातायात व रुकने की व्यवस्था नि:शुल्क होगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement