Gurugram - SKM performs a token during Chakka Jaam-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गुरुग्राम - एसकेएम ने 'चक्का जाम' के दौरान किया सांकेतिक प्रदर्शन

khaskhabar.com: शनिवार, 06 फ़रवरी 2021 5:27 PM (IST)
गुरुग्राम - एसकेएम ने 'चक्का जाम' के दौरान किया सांकेतिक प्रदर्शन
गुरुग्राम । केंद्र द्वारा लागू किए गए 3 कृषि कानूनों के विरोध में किसान संघों के आह्वान पर शनिवार को किए गए 3 घंटे के चक्का जाम के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने भी दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि गुरुग्राम के पालम विहार रोड पर कृष्णा चौक पर किया गया यह प्रदर्शन सांकेतिक रहा। करीब 200 प्रदर्शनकारी और विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने सड़क के बीच बैठकर यातायात रोका। साथ ही कृषि कानूनों के विरोध में नारे भी लगाए। एसकेएम, गुरुग्राम के प्रेसिडेंट चौधरी संतोख सिंह ने कहा, "तय कार्यक्रम के अनुसार, हमने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक विरोध प्रदर्शन किया। जब तक सरकार इन तीनों काले कानूनों को हटा नहीं देती, एसकेएम इनका विरोध करता रहेगा।" प्रदर्शनकारियों ने यातायात रोकने के लिए मानव श्रृंखला बनाई, इसमें महिलाओं की भागीदारी ज्यादा रही। पालम विहार और दिल्ली की ओर जाने वाली गाड़ियों को रोकने के लिए प्रदर्शनकारी कृष्णा चौक पर भी बैठे। ट्रैफिक को संभालने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कई पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस ने किसानों के चक्का जाम को देखते हुए पर्याप्त इंतजाम किए हैं।
उद्योग विहार के एसीपी राजीव कुमार ने कहा, "हमने यातायात को डायवर्ट कर दिया है और यात्रियों से कहा है कि वे कृष्णा चौक और भीगेरा फ्लाईओवर की ओर जाने के लिए पालम विहार रोड पर जाने से बचें। वाहनों की जांच के लिए कई पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। अब तक का विरोध शांतिपूर्ण रहा है और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।"
बता दें कि दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, कुंडली-मानेसर-पलवल और राज्य के राजमार्गो सहित गुरुग्राम की सड़कों पर राष्ट्रव्यापी चक्का जाम का असर नहीं हुआ।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement