Frustrated after seeing certain defeat in Mayor elections, BJP leaders are making unrestrained statements: Congress-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:17 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मेयर चुनाव में हार सुनिश्चित देखकर बौखलाई भाजपा नेता कर रहे अनर्गल बयानबाजीः कांग्रेस

khaskhabar.com: सोमवार, 22 जनवरी 2024 5:10 PM (IST)
मेयर चुनाव में हार सुनिश्चित देखकर बौखलाई भाजपा नेता कर रहे अनर्गल बयानबाजीः कांग्रेस
चंडीगढ़। कांग्रेस ने चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा और पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद द्वारा यहाँ एक प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों को मेयर चुनाव में भाजपा की निश्चित हार को देखते हुए हताशा में फैलाया गया झूठ का पुलिंदा करार दिया है। चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने आज यहां इन नेताओं के आधारहीन बयानों का जवाब देते हुए कहा कि वह चंडीगढ़ में उनके द्वारा तानाशाही तरीके से मेयर चुनाव को स्थगित किए जाने को लेकर लोगों के भारी विरोध से बुरी तरह आहत हैं और निराशा में ऐसे बेसिरपैर के बयान दे रहे हैं। प्रशासन एवं चुनाव कराने वाले अधिकारियों पर मेयर चुनाव को 18 दिनों के लिए स्थगित करने के लिए अनुचित दबाव डालने के लिए भाजपा की आलोचना करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा को चुनौती दी कि वह फ़ालतू की बयानबाजी करने के बजाय एक या दो दिन में मेयर चुनाव करा लें, तो असलीयत ख़ुद ही उनके सामने आ जाएगी। सच्चाई तो यह है कि भाजपा तयशुदा तारीख़ पर चुनाव कराने से इसलिए डर गई क्यों कि बहुमत उनके विरूद्ध है और वह नाजायज़ तरीकों से खरीद-फरोख्त को बढ़ावा देकर शहर का राजनीतिक माहौल खराब करना चाहती है और अपने इन्हीं लोकतंत्र विरोधी कृत्यों के लिए उसे अतिरिक्त समय चाहिए ।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि 2021 के नगर निगम चुनावों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को भाजपा से दोगुने वोट मिले हैं। केवल 29 फीसदी वोटों के दम पर भाजपा ने जैसे तैसे कर के पिछले दो साल में शहर की जनता का जनादेश छीन लिया। भाजपा के इस जनादेश विहीन कुशासन के कारण कभी सुन्दर शहर कहे जाने वाले चण्डीगढ़ के निवासियों के जीवन स्तर और इसकी नागरिक सुविधाओं में तेजी से भारी गिरावट आई, जिसे बदलने और शहर की पुरानी शान बहाल करने के लिए कांग्रेस पार्टी कृतसंकल्प है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन पार्टियों के राष्ट्रीय नेतृत्व ने स्थानीय नेताओं की सहमति से किया है, जिसे शहर के लोगों का पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह आरोप कि गठबंधन केवल स्थानीय स्तर पर पवन कुमार बंसल और राघव चड्ढा द्वारा किया गया है बिल्कुल निराधार और झूठा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि सभी कांग्रेसी पार्षद अपनी इच्छा के अनुसार कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से लगातार संपर्क में हैं । उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सभी पार्षद भाजपा के लोकतंत्र विरोधी षडयन्त्रों को हराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा नेताओं से आग्रह किया कि वे अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनें और केंद्र की सरकार के कुशासन का बचाव न करें, जिसने अपनी विभाजनकारी और सांप्रदायिक नीतियों के कारण सारे देश की जनता आज अभूतपूर्व बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक तनाव और गरीबी का सामना कर रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement