नि:शुल्क ई-रिक्शा के विरोध में चल रही ऑटो चालको की हड़ताल खत्म
khaskhabar.com: गुरुवार, 30 मार्च 2017 5:11 PM (IST)
टोंक । नगर परिषद टोंक की ओर से महिलाओं के लिए नि:शुल्क ई-रिक्शा शुरू किए जाने से नाराज राष्ट्रवादी ऑटो यूनियन के आह्वान पर पिछले दो दिन से चल रही हड़ताल गुरुवार को नगर परिषद सभापति लक्ष्मी देवी जैन से वार्ता के बाद वापस ले ली गई। सभापति से वार्ता के दौरान उपखण्ड अधिकारी डॉ. सूरजसिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष गणेश माहुर, जिला महामंत्री दीपक संगत, जिला मंत्री बेनीप्रसाद जैन एवं यूनियन के संरक्षक मोहम्मद अजमल सहित पदाधिकारी मौजूद थे।
राष्ट्रवादी ऑटो यूनियन के बैनरतले गुरुवार को सुबह सभी ऑटो चालक नगर परिषद की ई-रिक्शा योजना के खिलाफ बड़ा कुआं चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां से मौन जुलूस के रूप में मुंह पर अंगुली रख कर विरोध जताते हुए मुख्यबाजारों से होते हुए नगर परिषद टोंक कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। ऑटो चालको के आंदोलन का पता चलते ही कोतवाल अशोक मीणा सहित पुलिस बल नगर परिषद आ पहुंचा बाद में तहसीलदार, गिरदावर सहित कई अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने ऑटो चालकों से समझाइश की और नगर परिषद सभापति से वार्ता के जरिए हल निकाले जाने की बात कही। बाद में नगर परिषद टोंक की सभापति लक्ष्मी देवी जैन, उपखण्ड अधिकारी डॉ. सूरजसिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष गणेश माहुर, जिला महामंत्री दीपक संगत, जिला मंत्री बेनीप्रसाद जैन भी परिषद कार्यालय पहुंच गई। इस दौरान यूनियन की ओर से संयोजक मोहम्मद अजमल, सहसंयोजक यासिन अली, अध्यक्ष माबूद मियां, महामंत्री तारा चन्द्र साहू, अश्फ ाक अली, उपाध्यक्ष मोहम्मद सईद, फि रोज खान, बेणी प्रसाद चांवला, शमशेर खान, राशिद खान, अखलाक आदि वार्ता के लिए पहुंचे। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों के बीच गतिरोध भी हुआ, लेकिन आखिरी में सभापति लक्ष्मी देवी जैन ने दो टूक शब्दों में कह दिया कि नि;शुल्क ई-रिक्शा राज्य में टोंक से की जाएगी। महिलाओं के लिए नि;शुल्क ई-रिक्शा योजना को किसी भी कीमत पर वापस नहीं लिया जाएगा। जिस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गणेश माहुर से भी यूनियन पदाधिकारियों से काफी जद्दोजहद हुई। आखिर में दोनंों पक्षों के बीच सिर्फ तीन ही नि:शुल्क ई-रिक्शा शुरू किए जाने पर सहमति बनी। बाद में राष्ट्रवादी ऑटो यूनियन ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की।