Fraud case registered against FIITJEE-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

फिटजी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

khaskhabar.com: गुरुवार, 13 मार्च 2025 11:40 AM (IST)
फिटजी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने कोचिंग संस्थान फिटजी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार सेंटर से जुड़ी 190 शिकायतों के बाद की गई है। फिटजी का प्रीत विहार सेंटर जनवरी में अचानक बंद कर दिया गया था, जिसके बाद छात्रों और उनके अभिभावकों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने फिटजी के निदेशक और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420), आपराधिक विश्वासघात (धारा 406) और आपराधिक साजिश (धारा 120B) के तहत मामला दर्ज किया है। पहले इस मामले में फरवरी तक 35 शिकायतें दर्ज की गई थीं। लेकिन, अब यह संख्या बढ़कर 190 हो गई है। इन शिकायतों को पहले पूर्वी दिल्ली पुलिस के पास दर्ज कराया गया था, लेकिन बड़ी रकम के लेन-देन और मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे ईओडब्ल्यू को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच एक डीसीपी-स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में की जा रही है। जल्द ही फिटजी के निदेशक और अन्य संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। इस घटना के बाद फिटजी के खिलाफ गाज़ियाबाद, नोएडा और भोपाल में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए गए हैं।
इससे पहले 10 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क पुलिस और साइबर क्राइम टीम ग्रेटर नोएडा ने फिटजी कोचिंग संस्थान के 12 बैंक खातों में जमा लगभग 11 करोड़ 11 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया था। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार और पुलिस उपायुक्त व अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा की निगरानी में की गई थी।
फिटजी कोचिंग संस्थान के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान फिटजी के संस्थापक दिनेश गोयल के पैन कार्ड से संबंधित विभिन्न राज्यों में निजी बैंकों के लगभग 172 करंट अकाउंट और 12 सेविंग अकाउंट की जानकारी मिली थी। बैंक ने अब तक 12 बैंक खातों की जानकारी पुलिस के साथ साझा की है, जिनमें कुल 11,11,12,987 रुपये जमा पाए गए थे। इन 12 खातों में जमा धनराशि को थाना नॉलेज पार्क और साइबर क्राइम टीम ग्रेटर नोएडा पुलिस ने फ्रीज कर दिया था।
गाजियाबाद, मेरठ के बाद नोएडा के सेक्टर-62 स्थित फिटजी इंस्टीट्यूट भी बंद हो गया था। पैरेंट्स जब सेंटर पर पहुंचे तो गार्ड ने रोक लिया था। इसके बाद भी अंदर गए तो वहां स्टाफ का कोई भी नहीं मिला। पेरेंट्स की नाराजगी बढ़ती देख मौके पर पुलिस पहुंची और मामले को शांत कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement