उज्जैन। एमपी के उज्जैन जिले में एक बांध में नहाते समय पानी में डूब जाने से एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आमडीखेडा गांव के बंजारा परिवार के चार बच्चे मनीष (12), अज्जू (11), विकास (09) और विकास नाम का एक अन्य लडका बांध में नहाने गए थे।
बताया जा रहा है कि वे चारों गहरे पानी में चले गए और उनकी डूबने से मौत हो गई। उधर जब बच्चे कई घंटों बाद भी घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बच्चों की तलाश के दौरान उन्हें बांध के पास बच्चों के कपड़े पड़े हुए मिले तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर गौताखोरों के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने बांध में बच्चों की तलाश शुरू की। आखिरकार कई घंटों के बाद पुलिस बच्चों के शवों को पानी से निकालने में सफलता पाई। लेकिन इस दौरान सभी बच्चों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सभी बच्चों के शवों को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।