Advertisement
गंगा, कोसी, गंडक समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर, बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर

कोसी नदी बलतारा में 35.15 मीटर और कुरसेला में 31.40 मीटर पर है। दोनों स्थानों पर नदी खतरे के निशान से ऊपर है और जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। बलतारा में कोसी खतरे के निशान से 1.30 मीटर और कुरसेला में 1.40 मीटर ऊपर है। गंडक नदी भी डुमरिया घाट और हाजीपुर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। डुमरिया घाट में जलस्तर 62.75 मीटर दर्ज हुआ, जो खतरे के निशान से 0.53 मीटर ऊपर है। हालांकि यहां जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है।
दूसरी तरफ बागमती नदी मुजफ्फरपुर में 48.93 मीटर पर है, जो खतरे के स्तर से 0.25 मीटर ऊपर है। यहां जलस्तर फिलहाल स्थिर है। वहीं घाघरा नदी दरौली और गंगपुर सिसवन में भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, प्रमुख बैराजों से पानी के डिस्चार्ज में फिलहाल गिरावट का रुझान है। बीरपुर बैराज से कोसी का डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज 1,77,880 क्यूसेक, वाल्मीकिनगर बैराज से गंडक का 1,04,400 क्यूसेक और इंद्रपुरी बैराज से सोन नदी का 1,02,574 क्यूसेक दर्ज किया गया।
उधर, नदियों के बढ़े जलस्तर के कारण राज्य के 13 जिलों के 77 प्रखंडों की 438 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत करीब 29.13 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ राहत सामग्री, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराने का काम जारी है।
अधिकारियों की ओर से तटबंधों और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। खासकर गंगा, कोसी, बूढ़ी गंडक और पुनपुन के बढ़ते जलस्तर वाले इलाकों में प्रशासन को सतर्क रखा गया है।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


