Fire in Kolkatas ESI hospital, one dead-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कोलकाता के ईएसआई अस्पताल में आग, एक की मौत

khaskhabar.com: शुक्रवार, 18 अक्टूबर 2024 12:50 PM (IST)
कोलकाता के ईएसआई अस्पताल में आग, एक की मौत
कोलकाता । कोलकाता के सियालदह कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) अस्पताल में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से एक मरीज की मौत हो गई। इस हादसे का शिकार हुए मृतक की पहचान उत्तम बर्धन के रूप में हुई है। उसका अस्‍पताल में कैंसर का इलाज चल रहा था। उसे धुएं के कारण बेचैनी की हालत में उसी अस्पताल की क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं बाकी मरीजों को अस्पताल के अन्य वार्डों में सुरक्षित पहुंचाया गया।
आग की सूचना सबसे पहले अस्पताल के एक कर्मचारी को मिली, जिसने पहली मंजिल पर स्थित पुरुष सर्जरी वार्ड से धुआं उठते देखा और अधिकारियों को तुरंत इसकी सूचना दी।
आग बुझाने के लिए कम से कम 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची।
अस्पताल के पुरुष सर्जरी वार्ड में भर्ती 80 मरीजों को दमकलकर्मियों और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
राज्य अग्निशमन सेवा मंत्री सुजीत बसु अस्पताल पहुंचे और आग बुझाने के अभियान और मरीजों को बाहर निकालने की निगरानी की।
मंत्री ने कहा, "अग्निशमन अधिकारियों और दमकलकर्मियों ने बेहतरीन काम किया है। वे बहुत कम समय में आग पर काबू पा लेने में सफल रहे, जिसकी वजह से नुकसान से बचा जा सका। सौभाग्य से, आग उस समय लगी जब अस्पताल में भीड़ बहुत अधिक नहीं थी।"
अस्पताल के अधिकारियों ने कहा है कि अस्पताल की बाहरी इकाई दिन भर बंद रहेगी।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि दमकल अधिकारियों को संदेह है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है।
आग लगने की सूचना मिलने के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन मौके पर पहुंचे। हालांकि, दमकल विभाग के अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि सब कुछ नियंत्रण में है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement