Female excise inspector arrested red-handed taking bribe of Rs 3 lakh in Jaipur-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जयपुर में महिला आबकारी निरीक्षक 3 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, 2 दलाल भी काबू

khaskhabar.com: गुरुवार, 03 अगस्त 2023 10:56 PM (IST)
जयपुर में महिला आबकारी निरीक्षक 3 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, 2 दलाल भी काबू
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जयपुर इकाई ने गुरुवार को ट्रैप कार्यवाही करते हुए आबकारी निरीक्षक जयपुर पूर्व अंकिता माथुर को 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अंकिता के साथ ही दो दलालों मोनू अली और असलम को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके घर और अन्य ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। ताकि पता लगाया जा सके कि उसने कहीं आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति तो नहीं जुटाई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी की जयपुर इकाई को परिवादी द्वारा दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसकी लाइसेंस शुदा शराब की दुकानों को निर्बाध रूप से चलाने देने की एवज में अंकिता माथुर द्वारा 3 लाख रुपए रिश्वत मांग कर परेशान किया जा रहा है। इस पर एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस रणधीर सिंह के सुपरवीजन में एसीबी जयपुर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र नैन के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया। पुलिस निरीक्षक अर्चना मीणा ने गुरुवार को टीम के साथ जाकर ट्रेप कार्यवाही करते हुए अंकिता माथुर पुत्री चन्द्रशेखर माथुर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
अंकिता श्याम नगर में लक्ष्मण कॉलोनी के प्लॉट नं0 138 की रहने वाली है। एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस रणधीर सिंह के निर्देशन में आरोपिया से पूछताछ की जा रही है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी ने अपील की है किसी भी सरकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार की शिकायत तुरंत एसीबी की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 अथवा वाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर दर्ज कराएं। तुरंत कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement