टोंक। व्यापारियों और पल्लेदारों के बीच तुलाई को लेकर चल रहे विवाद के चलते किसान भारी परेशान हो रहे हैं और उनकी सरसों सहित अन्य फसलों की तुलाई नहीं पा रही है। जिससे गुस्साए किसानों ने गुरुवार को कृषिमंडी के मुख्यद्वार पर ताला जड़ दिया। साथ ही किसानों ने मुख्य द्वार पर जमकर प्रदर्शन किया। काफी देर हंगामे के चलते सड़क मार्ग भी जाम हो गया और अपनी फसल लेकर आए किसानों को निराश ही लौटना पड़ा। अब इसे लेकर शुक्रवार सुबह कृषिमंडी सचिव के आने के बाद ही वार्ता हो सकेगी। बताया जा रहा है कि ये किसान सुबह सरसों और गेहूं सहित अन्य फसल लेकर आए थे। लेकिन इसी दौरान दोपहर में व्यापारियों और पल्लेदारों के बीच माल उतारने को लेकर विवाद हो गया। इसे लेकर व्यापार महासंघ के भागचंद जैन ने कहा कि पल्लेदार मजदूर अपनी जिम्मेदारी से बचना चाह रहे हैं। दूसरी तरफ पल्लेदार मजदूर संघ के अध्यक्ष उम्मेद सिंह ने कहा कि व्यापारियों और आढ़तियों के बीच का विवाद है। जिसको जबरदस्ती से व्यापारी पल्लेदारों के माथे मढने की कोशिश कर रहे हैं। पल्लेदार तो काम करने को तैयार हैं। लेकिन व्यापारी और आढतियों के बीच चल रहे विवाद के कारण बोली ही नहीं लग पाई।