जिनेवा। पाकिस्तान के अत्याचारों के खिलाफ बलूचिस्तान के लोगों के साथ
एकजुटता दिखाते हुए यूरोपीय यूनियन ने पाकिस्तान को प्रतिबंध की चेतावनी दी
है। यूरोपीय संसद के उपाध्यक्ष रिसजार्ड जारनेकी ने कहा कि अगर पाकिस्तान
बलूचिस्तान में मानवाधिकारों का उल्लंघन नहीं रोक पाया तो यूरोपीय यूनियन
उस पर आर्थिक और राजनीतिक प्रतिबंध लगा सकता है।
जारनेकी ने कहा, मानवाधिकारों पर चर्चा के दौरान मैंने यूरोपीय यूनियन को
बताया कि अगर हमारे सहयोगी देश मानवाधिकारों की कद्र नहीं करते हैं तो ऎसे
में हमें प्रतिक्रिया स्वरूप आर्थिक प्रतिबंध के बारे में सोचना पडेगा।
पाकिस्तान के अत्याचारों के खिलाफ एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल हुए
जारनेकी ने जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह वक्त
बोलने का नहीं, कुछ करने का है। उन्होंने कहा,हमारे पाकिस्तान के साथ
द्विपक्षीय आर्थिक और राजनीतिक संबंध हैं और अगर पाकिस्तान बलूचिस्तान को
लेकर अपनी नीति नहीं बदलता है तो हमें भी पाकिस्तान के प्रति अपना रवैया
बदलना पडेगा।