Demand for permanent solution to prevent road accidents at Saras intersection-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:27 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सारस चौराहे पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग

khaskhabar.com: सोमवार, 28 सितम्बर 2026 4:39 PM (IST)
सारस चौराहे पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग
खास खबर। भरतपुर सारस चौराहे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं एवं जनहानि को रोकने के लिए समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने जिला कलेक्टर, भरतपुर को पत्र लिखकर इस चौराहे की यातायात व्यवस्था का तकनीकी एवं वैज्ञानिक अध्ययन करवाने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
गुप्ता ने पत्र में कहा कि सारस चौराहा लगातार सड़क दुर्घटनाओं के कारण गंभीर दुर्घटना स्थल बनता जा रहा है। लगातार हादसों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के एकमात्र कमाने वाले व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर पूरा परिवार आर्थिक एवं सामाजिक संकट में आ जाता है। ऐसे में दुर्घटना के बाद सहायता देने के बजाय दुर्घटना होने से पहले ही उसके कारणों को दूर करना अधिक आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सारस चौराहे पर अब तक मुख्य रूप से रेड लाइट सिग्नल के माध्यम से यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया है, लेकिन वर्तमान यातायात दबाव और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए इस व्यवस्था का पुनर्मूल्यांकन आवश्यक है। इसके लिए विशेषज्ञों से चौराहे का यातायात अध्ययन करवाकर वैज्ञानिक आधार पर स्थायी समाधान तैयार किया जाना चाहिए।
गुप्ता ने जिला प्रशासन, बीडीए अथवा संबंधित नगरीय विकास एजेंसी, यातायात पुलिस एवं सड़क निर्माण से जुड़े विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर सारस चौराहे का स्थल निरीक्षण करवाने तथा समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की मांग की है।
गुप्ता ने सारस चौराहे पर यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार रेड लाइट सिग्नल के स्थान पर सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से यू-टर्न विकसित करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न बड़े शहरों में यातायात के सुचारू संचालन के लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्थाओं का उपयोग किया जा रहा है।
इसी आधार पर भरतपुर में भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार व्यवस्था विकसित की जा सकती है। पत्र में पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए सारस चौराहे पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण करवाने की मांग की गई है। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के सुरक्षित आवागमन के लिए अलग एवं सुविधाजनक व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया गया है।
उन्होंने कहा कि फुट ओवरब्रिज को चौराहे के दोनों ओर के प्रमुख मार्गों तथा आसपास के आवागमन वाले क्षेत्रों से सुविधाजनक रूप से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि पैदल यात्रियों को सड़क पार करने के लिए व्यस्त यातायात के बीच आने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि सारस चौराहे की समस्या केवल यातायात प्रबंधन का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर जनहित का मुद्दा है। इसलिए दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से ठोस एवं स्थायी कदम उठाए जाने चाहिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement