सिरसा। तीन दिसंबर को मोड मंडी बठिंडा में एक शादी समारोह के दौरान हुई डांसर कुलविंद्र कौर की हत्या के बाद बुधवार को सिरसा के संगीत परिवार की ओर से कैंडिल मार्च निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कैंडिल मार्च से पहले नेहरु पार्क में हुई श्रद्धांजलि सभा में संगीत परिवार के संस्थापक श्याम भारती ने कहा कि कुलविंद्र कौर एक अच्छी डांसर थी और उसकी मेहनत के जरिए उसके परिवार का पालन-पोषण होता था। लेकिन परिवार की इस बेटी की हत्या होने के बाद पूरा परिवार आर्थिक रुप से कमजोर हो गया है। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की है कि हत्यारों को सख्त से सख्त सजा दी जाए और पीड़ित परिवार को कम से कम 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। हरियाणा सरकार की ओर से शादी समारोह में हवाई फायरिंग करने वाले पर धारा 307 लगाने के कानून का स्वागत करते हुए संगीत परिवार की ओर से पंजाब सरकार से मांग की गई कि हरियाणा सरकार की तर्ज पर पंजाब में भी शादी समारोह में हवाई फायरिंग करने वालों पर धारा 307 लगाई जाए। इसके बाद कुलविन्द्र कौर के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
खास खबर EXCLUSIVE : देवराहा बाबा की कहानी,बाबा बालकदास की जुबानी