Advertisement
साइक्लोन 'दित्वाह' का असर: तमिलनाडु में झमाझम बारिश, कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

शहर की कई मुख्य सड़कों, रिहायशी इलाकों और निचले मोहल्लों में पानी भर गया है। वाहन धीमी गति से चल रहे हैं और कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएएमडी) ने बुधवार को नीलगिरि, इरोड और कोयंबटूर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
आईएमडी के अनुसार, दित्वाह का असर तटीय इलाकों के पास सक्रिय है, जिसकी वजह से उत्तर और पश्चिम तमिलनाडु में बारिश जारी है। भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई जिलों में स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी घोषित की है।
चेन्नई, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम में सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। तचेंगलपट्टू में केवल स्कूल बंद किए गए हैं। कॉलेज खुले रहेंगे। रानीपेट (अरक्कोनम और नेमिली तालुक) में भी स्कूलों की छुट्टी घोषित हुई है। कुड्डालोर, कल्लाकुरिची और विल्लुपुरम में भी बुधवार को स्कूल बंद रहेंगे।
उत्तरी और पश्चिमी जिलों में आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह सतर्क मोड में हैं। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है। उत्तर-पूर्वी मानसून की सक्रियता और तटीय क्षेत्रों में बने लो-प्रेशर के कारण बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें और बरसात से प्रभावित इलाकों में सतर्कता बरतें।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


