नई दिल्ली। कांग्रेस ने भारत और फ्रांस के बीच हुए राफेल डील को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासनकाल में वायुसेना को मजबूत करने के लिए 126 राफेल एयरक्राफ्ट्स खरीदने की योजना थी, जबकि मोदी सरकार ने केवल 36 विमान खरीदे हैं। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि सरकार बताए कि यह कैसी तैयारी है? चीन और पाकिस्तान की चुनौतियों से कैसे निपटा जाएगा? कांग्रेस ने कहा कि संप्रग सरकार के दौरान जो डील फाइनल की जा रही थी उसमें 108 एयरक्राफ्ट्स भारत में बनाने की योजना थी, पर इस डील में सब फ्रांस से मंगाए जाएंगे। कांग्रेस ने सवाल किया कि डील से ‘मेक इन इंडिया’ का पहलू ही क्यों गायब कर दिया गया?