Congress Major Decision on Vande Mataram : Only Two Stanzas to be Sung at Party Events-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:19 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

वंदे मातरम पर कांग्रेस का बड़ा फैसला : पार्टी कार्यक्रमों में गाए जाएंगे केवल दो अंतरे, केसी वेणुगोपाल बोले-BJP के लिए यह भावनात्मक नहीं, सियासी मुद्दा

khaskhabar.com: बुधवार, 19 अगस्त 2026 11:38 PM (IST)
वंदे मातरम पर कांग्रेस का बड़ा फैसला : पार्टी कार्यक्रमों में गाए जाएंगे केवल दो अंतरे, केसी वेणुगोपाल बोले-BJP के लिए यह भावनात्मक नहीं, सियासी मुद्दा
नई दिल्ली। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित अहम बैठक में पार्टी ने 'वंदे मातरम' के गायन को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने बैठक के बाद ऐलान किया कि पार्टी 1937 में लिए गए अपने ऐतिहासिक फैसले पर कायम रहेगी, जिसके तहत पार्टी के सभी आधिकारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के शुरुआती दो अंतरे (पैरा) ही गाए जाएंगे। हमारे लिए भावना, भाजपा के लिए राजनीति के.सी. वेणुगोपाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रगान और वंदे मातरम कांग्रेस के लिए गहरी आस्था और भावना के विषय हैं, जबकि सत्ताधारी दल केवल अपने राजनीतिक लाभ के लिए इसका इस्तेमाल करता है। गौरतलब है कि 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा द्वारा वंदे मातरम को राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिया गया था, जिसमें कुल 6 छंद (पैरा) हैं।
15 अगस्त के घटनाक्रम पर छिड़ा था विवाद
यह फैसला 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उपजे विवाद की पृष्ठभूमि में आया है। भाजपा ने आरोप लगाया था कि समारोह के दौरान जब वंदे मातरम गाया जा रहा था, तब सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इशारे करके गीत को रुकवाने की कोशिश की थी।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा संसद के मानसून सत्र में 'राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम' के तहत वंदे मातरम के गायन में जानबूझकर बाधा डालने या अपमान करने पर 3 साल तक की कैद या जुर्माने का कड़ा प्रावधान जोड़ा गया है। इसके साथ ही इस वर्ष 15 अगस्त पर पहली बार लाल किले की प्राचीर से पूरे 6 छंद गाए गए थे।
CWC में पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर बनी रणनीति
सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित 88 वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी वाली इस बैठक में कई अन्य प्रमुख मुद्दों पर भी मंथन हुआ:
800 शहरों में सभाएं: युवाओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस देश के 800 प्रमुख शहरों में जनसभाएं आयोजित करेगी।
परीक्षा प्रणाली में सुधार का रोडमैप: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को विशेषज्ञों के साथ मिलकर शिक्षा और भर्ती परीक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु एक विस्तृत रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
समसामयिक मुद्दों पर घेराव: बैठक में भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक, छात्र आंदोलन, और राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय विवादों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की गई। पार्टी ने संसद के मानसून सत्र को विपक्ष के लिए सफल करार दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement