बीकानेर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का स्थापना दिवस शहर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय डागा चौक में धूमधाम से मनाया गया। विचार गोष्ठी कांग्रेस के इतिहास और उसके मूल्यों पर चर्चा के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ नेता जनार्दन कल्ला की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सबसे पहले स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों का सम्मान किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरूआत हुई।
जनार्दन कल्ला ने कांग्रेस के स्वर्णिय इतिहास और उसके प्रयोजन का ध्यान रखते हुए कार्यकर्ताओं को परोपकार और त्याग तपस्या के सिद्धान्त को अपनाने का कहा। कल्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संगठन नहीं ,बल्कि इस देश की विचारधारा है। जिसमें गरीब तबके के उत्थान के साथ-साथ देश का सर्वागीण विकास हुआ है। आने वाले समय में कांग्रेसी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी अधिक बढ़ रही है ,कि वो इस देश की एकता और अखंडता के लिए सभी व्यक्तियों के अधिकार और उसकी सुरक्षा के लिए अपनी महती जिम्मेदारी निभाएं। मुख्य अतिथि वक्ता स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण हर्ष ने कहा कि कांग्रेस का मूल उद्देशय इस देश को आत्मनिर्भर, स्वतंत्र और एक खुशहाल देश बनाना रहा है । हम सभी इस महान संगठन के मूल विचारों और कार्यशैली को अपनाते हुए देश के विकास में योगदान दे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अब्दुल मजीद खोखर ने कांग्रेस के स्वर्णिय इतिहास इसके उद्देश्य और स्थापना की वजह पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को संयमित तरिके से अहिंसात्मक रूप से इस देश को तोडने वाली ताकतों का सामना करने की बात कही। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष जावेद पडि़हार ने कहा की कांग्रेस पार्टी ने सदैव इस देश की अस्मिता को बचाये रखने के लिए कार्य किया। इस अवसर पर बीकानेर के स्तंत्रता सेनानी हीरालाल शर्मा, दाऊलाल व्यास का उनके निवास स्थान पर जाकर कांग्रेस पार्टी द्वारा सम्मान किया गया।