जयपुर । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. अरूण चतुर्वेदी ने गैर सरकारी संगठनों का आह्वान किया है कि मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान को जनआन्दोलन बनाने में अहम भूमिका अदा करें। डॉ. चतुर्वेदी शुक्रवार को कृषि पंत भवन में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी गैर सरकारी संगठनों को वर्षा जल संग्रहण के प्रति मुख्यमंत्री द्वारा चलाए गए दूसरे चरण के मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गों में जनचेतना जागृत करने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि राजस्थान के लोग पानी की महत्ता को बखूबी जानते हैं क्योंकि राजस्थान में ज्यादातर सूखा पड़ता रहता है। इसलिए वर्षा जल को संचय करने के लिए हर आदमी को अपना छोटा से छोटा सहयोग देने के लिए तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम दो कदम चलेंगे तो समाज चार कदम आगे चलकर सकारात्मक सोच के साथ जल संरक्षण में अहम भागीदारी निभाएगा। डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के दूसरे चरण के लिए 4 हजार 200 गांवों का चयन किया गया है। जिसमें जमीनी सच्चाई के साथ लोगों के अनुभव व नई तकनीकी ज्ञान को जोड़कर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में 96 हजार से अधिक जल संरक्षण के कार्य कराए गए हैं जिसमें सभी वर्गों का अच्छा सहयोग मिला है तथा इस वर्ष भरपूर वर्षा होने से बनाए गए जल संरक्षण के सभी स्रोतों में प्रचुर मात्रा में पानी की आवक रही है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के दौरान राज्य के 66 कस्बों को इस अभियान से जोड़ा गया है। इस अवसर पर झालावाड़ के सरोद गांव में जल स्वावलम्बन अभियान से आए परिवर्तन की डॉक्यूमेंन्ट्री फिल्म के माध्यम से जानकारी दी गयी।