CM Manohar Lal inaugurated more than 14 crore development works-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:30 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सीएम मनोहर लाल ने किया 14 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का उद्घाटन

khaskhabar.com: रविवार, 29 दिसम्बर 2019 9:42 PM (IST)
सीएम मनोहर लाल ने किया 14 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का उद्घाटन
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल के विशाल अटल पार्क में करीब 14 करोड़ 87 लाख रूपये के विकास कार्यो का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 1 करोड़ 98 लाख 80 हजार रुपए की लागत से कुंजपुरा के नवनिर्मित बीडीपीओ कार्यालय भवन का उद्घाटन, 56 लाख रुपए की लागत से पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 14 फुट उंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण, 7 करोड़ 9 लाख 28 हजार रूपये की लागत से, करनाल-कैथल रोड़ पर पश्चिमी यमुना नहर के पुल के निर्माण कार्य, डाचर से इच्छनपुर तक 3 करोड़ 13 लाख रुपए की लागत से सड़क के सुदृढ़ीकरण के कार्य, 44 लाख रुपए की लागत से राम नगर क्षेत्र में निर्मित अर्बन प्राइमरी हैल्थ सेंटर का उद्घाटन तथा इंद्री रोड़ से कर्ण लेक उंचाना तक 55 लाख 39 हजार रुपए की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी सदैव हमारे प्रेरणा स्त्रोत रहेंगे। वे एक कुशल शासक थे और उसी नाते उनके जन्मदिन 25 दिसंबर को हर वर्ष सुशासन दिवस के रूप में मनाते है। हरियाणा में हमने तय किया है कि 2020 को सुशासन संकल्प वर्ष के रूप में मनाएंगे और इस दौरान प्रयास रहेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरुरतमंद व्यक्ति को लाईन में ना लगना पड़े बल्कि यह सुविधा उनके घर द्वार पर ही पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक सामान्य व्यक्ति न होकर उच्च कोटि के विचारक, चिन्तक, दार्शनिक और हास्य, व्यंग्य तथा वीर रस पर कविताएं लिखने वाले मूर्धन्य कवि थे। उनकी कविताएं क्रांतिकारियों में भी जोश भर देती थी। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की सोच थी कि देश भौतिक व सामाजिक रूप से समृद्ध बने। उन्हीं से अभिपे्ररित होकर स्वर्णिम चतुर्भुज राजमार्ग की अवधारणा बनी, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्गों का जाल बिछाया गया है। इसी प्रकार अटल जी की सोच थी कि सारे देश की नदियों को जोड़ दिया जाए ताकि जिन क्षेत्रों में पानी की कमी है, वहां पानी मिले। वे संचार क्रांति के अग्रदूत थे, यही कारण है कि आज देश में मोबाइल सेवाएं प्रतिस्पर्धा से बिल्कुल सस्ते स्तर पर आ गई है। सर्वशिक्षा अभियान भी उन्हीं की देन है। वे सामाजिक एकता के पक्षधर रहे, नेशनल सिटीजन रजिस्टर से देश को एकसूत्र में बांधना उन्हीं की देन है। सांसद संजय भाटिया ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि अटल पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण हम सबके लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि नेक विचारों के धनी अटल बिहारी वाजपेयी को समूचा विश्व सम्मान की दृष्टि से देखता था। उन्होंने कहा कि करनाल में स्थित विशाल अटल पार्क में प्रतिदिन हजारों लोग विचरण करने के लिए आते है, जो अटलजी की प्रतिमा से प्रभावित होकर उनके आदर्शो को याद करेंगे। सांसद ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल भी अटलजी के पद चिन्हों पर चलते हुए कुशल प्रशासक के रूप में कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने डॉ. प्रीतम द्वारा लिखी गई अटल बिहारी वाजपेयी एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर नामक 2 पुस्तकों का भी विमोचन किया।
करनाल लोकसभा के सांसद संजय भाटिया, घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, नीलोखेड़ी के विधायक धर्मपाल गोंदर, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप के अतिरिक्त स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, भाजपा जिला प्रधान जगमोहन आंनद, मेयर रेणू बाला गुप्ता तथा पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement