Cleanliness chariot will come out in villages on PM birthday-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पीएम के जन्मदिन पर गांवों में निकलेगा स्वच्छता रथ

khaskhabar.com: बुधवार, 13 सितम्बर 2017 1:03 PM (IST)
पीएम के जन्मदिन पर गांवों में निकलेगा स्वच्छता रथ
कानपुर। 15 सितंबर को कानपुर के गांव ईश्वरीगंज से राष्ट्रव्यापी अभियान ’स्वच्छता ही सेवा’ का शुभारंभ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। जिसके बाद गांधी जयंती तक सफाई का विशेष अभियान चलेगा। तो वहीं पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन 17 सितंबर को पंचायत विभाग की ओर सभी गांवों में स्वच्छता रथ निकाल लोगों को स्वच्छता को लेकर जागरूक कराया जाएगा। केन्द्र सरकार सबका साथ सबका विकास नीति के साथ स्वच्छता अभियान को लगातार गति प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने ही मन की बात कार्यक्रम के जरिये संदेश दिया था कि दो अक्टूबर को गांधी जयंती के पहले से ही स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू कर दिया जाएगा। इसी के तहत अभियान का शुभारंभ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कानपुर के ईश्वरीगंज गांव आ रहे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी निरीशचंद्र साहू ने बताया कि महामहिम के कार्यक्रम के साथ उसी दिन सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता श्रमदान आयोजित कर अभियान की शुरुआत की जाएगी, जो गांधी जयंती तक चलता रहेगा। लेकिन 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्म दिवस पर स्वच्छता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इसके तहत सभी ब्लॉकों से स्वच्छता रथ रवाना किये जाएंगे जो सभी ग्राम सभाओं में जाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पंचायत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ समाजसेवियों व जनप्रतिनिधि भी भाग लेगें। इस दौरान दो गड्ढे़ वाले लीच पिट शौचालय की तकनीक और उपयोगिता, उसकी सफाई की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। कुछ गांवों में नुक्कड़ नाटक के जरिये भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। बताया कि इस दौरान ग्रामीणों से यह भी जानकारी ली जाएगी कि ग्राम प्रधान व सचिव खुले में शौच मुक्त अभियान पर कितना गंभीर हैं।
स्वच्छता का दिलाया जाएगा संकल्प
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां की जाएंगी। निर्वाचित प्रतिनिधियों, महिलाओं और छात्र-छात्राओं को शामिल कर स्वच्छता यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों को गंदगी से होने वाले नुकसान की जानकारी दी जाएगी साथ उन्हें स्वच्छता का संकल्प दिलाया जाएगा। बताया जिन गांवों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी या उनके परिजन रहते हैं, उनके नेतृत्व में विशेष आयोजन करने के निर्देश दिये गये हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement