Advertisement
मुख्यमंत्री योगी ने परियोजनाओं की समीक्षा की, स्वच्छता पर जोर दिया

योगी ने कहा, "आज की बैठक के एजेण्डा के बिन्दुओं के अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, सौभाग्य योजना, निराश्रित, विधवा तथा दिव्यांगजन पेंशन सहित शासन द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर मण्डलायुक्त द्वारा मण्डल स्तर पर समीक्षा की जाए। समीक्षा बैठक कार्यालय स्तर तक ही सीमित न रहे, बल्कि योजनाओं का भौतिक सत्यापन भी किया जाए।"
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मण्डलायुक्त 10 जून तक इन बिन्दुओं पर समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार कर लें। और 11 जून से 15 जून तक प्रमुख सचिव, अपर मुख्य सचिव एवं मंत्री स्तर पर समीक्षा की जाएगी। उसके बाद 16 जून से 15 जुलाई तक मुख्यमंत्री स्वयं मण्डलीय समीक्षा बैठकें करेंगे।
योगी ने कहा, "स्वच्छता मिशन एक अत्यन्त महत्वपूर्ण अभियान है। प्रधानमंत्री जी स्वयं इस अभियान में सम्मिलित हुए हैं। इसे सफल बनाने के लिए जनसहयोग सहित सभी सम्भव प्रयत्न किए जाने चाहिए।"
उन्होंने कहा, "पॉलीथिन पर कड़ाई से प्रतिबन्ध लगाए बगैर स्वच्छता अभियान का लक्ष्य पूरा नहीं होगा। इसलिए पॉलीथिन को कड़ाई से प्रतिबन्धित किया जाए। इसके प्रति जनता और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से जनजागरूकता फैलाई जाए। पॉलीथिन पर प्रभावी रोक के लिए आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाए।"
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, और ऐसे नगरों में जहां निस्तारण की पर्याप्त व्यवस्था न हो, वहां कूड़े का डम्पिंग ग्राउण्ड आबादी से दूर बनाया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मथुरा, बरेली, गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद, झांसी, सहारनपुर आदि नगर निगमों में निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों के निर्माण की प्रगति के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन गोवंश आश्रय स्थलों को जल्द से जल्द पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
लखनऊ
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


