Chief Minister Efforts Bear Fruit — Rajasthan Advances Rapidly Towards Becoming TB-Free-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 27, 2026 10:59 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रंग ला रहे मुख्यमंत्री के प्रयास - टीबी मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा राजस्थान

khaskhabar.com: गुरुवार, 28 मई 2026 5:38 PM (IST)
रंग ला रहे मुख्यमंत्री के प्रयास - टीबी मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा राजस्थान
जयपुर,। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राजस्थान टीबी मुक्त होने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “टीबी मुक्त भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी दिशा में संचालित ‘टीबी मुक्त भारत अभियान-100 दिवसीय विशेष अभियान’ में राजस्थान ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस वर्ष 24 मार्च को शुरू हुए इस अभियान में मात्र दो माह में प्रदेश में करीब 19 लाख व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ‘निरामय राजस्थान’ के विजन के तहत टीबी जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग, शीघ्र जांच, जनजागरूकता, पोषण सहायता एवं सामुदायिक सहभागिता को प्राथमिकता दी जा रही है। जनभागीदारी, तकनीक एवं संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाकर कर हम टीबी की इस जंग को हर हाल में जीतेंगे। 11 हजार गांवों में अभियान, अब तक 5 हजार शिविर, 16 लाख से ज्यादा एक्सरे
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि प्रदेशभर में 24 मार्च से 11,328 हाई रिस्क गांवों एवं वार्डों में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अभियान के अंतर्गत प्रदेश में अब तक करीब 5 हजार आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 18.93 लाख से अधिक व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। समय पर एवं सटीक जांच करने के लिए 16.51 लाख चेस्ट एक्स-रे तथा 1.41 लाख से अधिक एनएएटी जांचें सुनिश्चित की गईं।

32 हजार से अधिक नए रोगियों की पहचान
उन्होंने बताया कि सक्रिय केस खोज (एक्टिव केस फाइंडिंग) गतिविधियों के माध्यम से अभियान के दौरान कुल 32,102 नए टीबी रोगियों की पहचान की गई। इनमें 10,457 ऐसे मरीज शामिल हैं, जिनमें किसी प्रकार के लक्षण नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय एवं वैज्ञानिक कार्यप्रणाली को दर्शाती है। संवेदनशील एवं उच्च जोखिम वाली आबादी तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से अधिक से अधिक व्यक्तियों की एक्सरे एवं नाट मशीन से जांच की जा रही है।
12 हजार से अधिक को टीपीटी
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण एवं आवश्यकता आधारित उपचार सुनिश्चित करने हेतु डिफरेंशिएटेड टीबी केयर के अंतर्गत 32 हजार से अधिक पात्र मरीजों में से 16 हजार 500 से अधिक मरीजों का आकलन किया गया, जो 51 प्रतिशत उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि टीबी संक्रमण की रोकथाम के लिए टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) के अंतर्गत 12 हजार 535 व्यक्तियों को टीपीटी आरंभ किया गया।

न्यूट्रिशन किट वितरण में 83 प्रतिशत उपलब्धि
उन्होंने बताया कि टीबी मरीजों के उपचार में पोषण सहायता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से संचालित पोषण सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत 1 जनवरी 2026 से अब तक करीब 46 हजार सहमति प्राप्त टीबी मरीजों में से करीब 38 हजार लाभार्थियों को न्यूट्रिशन किट वितरित की गईं, जो करीब 83 प्रतिशत उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि निक्षय मित्र पहल के तहत अभियान अवधि में 2 हजार नए निक्षय मित्र पंजीकृत किए गए तथा सामुदायिक सहयोग से करीब 34 हजार फूड बास्केट टीबी मरीजों को वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि यह समाज एवं सरकार की साझी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
जनजागरूकता पर विशेष फोकस, वर्ष 2025 में लक्ष्य से ज्यादा टीबी मरीज अधिसूचित
निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए जनभागीदारी एवं जनजागरूकता पर विशेष फोकस किया जा रहा है। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया है। इसके अंतर्गत राज्यभर में 7500 स्कूल स्तरीय एवं 1363 कॉलेज स्तरीय गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही करीब एक हजार माय भारत स्वयंसेवकों एवं 7 हजार से अधिक जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। डॉ. शर्मा ने बताया कि राजस्थान ने वर्ष 2025 में कुल 1.63 लाख टीबी मरीजों की अधिसूचना करते हुए निर्धारित लक्ष्य का 102 प्रतिशत हासिल किया है। साथ ही प्रदेश की 6,547 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है, जो राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement