Advertisement
ऑस्ट्रेलिया के टूरिस्ट वीजा नियमों में बदलाव, आज से रुकने की अवधि बढ़ाना होगा मुश्किल

इसका सीधा मतलब है कि पर्यटक वीजा पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचे शख्स को आमतौर पर देश के भीतर रहते हुए किसी दूसरे वीजा पर जाने या अपने प्रवास को आगे बढ़ाने के लिए नया वीजा हासिल करने की इजाजत नहीं होगी। अगर कोई ऑस्ट्रेलिया में अधिक समय तक रहना चाहता है या अपनी वीजा श्रेणी बदलने की इच्छा रखता है, तो उसे सामान्यतः देश से बाहर जाकर संबंधित वीजा के लिए आवेदन करना होगा।
नए नियमों का असर उन अर्जियों पर पड़ेगा जो 28 नवंबर या उसके बाद जमा की जाएंगी। इससे पहले के आवेदनकर्ताओं पर यह बदलाव पूर्वव्यापी रूप से लागू नहीं होगा। जिन लोगों के पास पहले से ऑस्ट्रेलियाई विजिटर वीजा है, उन्हें अपने वीजा ग्रांट लेटर में दर्ज शर्तों की जांच करनी होगी।
हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में इस प्रतिबंध से छूट मांगी जा सकती है। ऑस्ट्रेलिया का गृह विभाग गंभीर बीमारी, परिवार में आपात स्थिति, प्राकृतिक आपदा या ऐसी परिस्थितियों में वीजा शर्त हटाने पर विचार कर सकता है, जो आवेदक के नियंत्रण से बाहर हों। लेकिन केवल छूट के लिए आवेदन करने से देश में रुकने की अवधि अपने आप नहीं बढ़ जाती।
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने स्पष्ट किया कि इस बदलाव से विजिटर वीजा की वैधता या उस पर मिलने वाली अधिकृत प्रवास अवधि में बदलाव नहीं होगा। ईटीए और ई-विजिटर वीजा धारक अपनी पात्रता के अनुसार 12 महीने की अवधि में कई बार ऑस्ट्रेलिया आ-जा सकेंगे और सामान्यतः प्रत्येक यात्रा में तीन महीने तक रुक सकेंगे।
सरकार का कहना है कि नए नियमों का उद्देश्य वीजा व्यवस्था के दुरुपयोग को रोकना और 'वीजा हॉपिंग' पर अंकुश लगाना है। इस प्रक्रिया में कुछ लोग एक अस्थायी वीजा की अवधि समाप्त होने से पहले दूसरे वीजा के लिए आवेदन करके लगातार देश में रहने की कोशिश करते हैं। सरकार चाहती है कि पर्यटक वीजा का इस्तेमाल केवल वास्तविक और अस्थायी यात्राओं के लिए हो।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


