Chaibasa: Reports of Several Naxalites Killed in Encounter with Security Forces; COBRA Jawan Injured-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

चाईबासा: सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में कई नक्सलियों के हताहत होने की खबर, कोबरा के जवान घायल

khaskhabar.com: बुधवार, 15 अप्रैल 2026 5:01 PM (IST)
चाईबासा: सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में कई नक्सलियों के हताहत होने की खबर, कोबरा के जवान घायल
चाईबासा । झारखंड के चाईबासा के सारंडा वन क्षेत्र में बुधवार को सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित नक्सली संगठन के बीच एक जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपए के इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ आमना-सामना हुआ। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, कुछ नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया है, जिन्हें एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मारंग पोंगा और बालिबा गांव के बीच स्थित घने जंगलों में बुधवार सुबह करीब 10 बजे अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात नक्सली नेता मिसिर बेसरा अपने दस्ते के साथ कैंप शिफ्ट करने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
जंगल के भीतरी हिस्से में जब जवानों ने नक्सलियों की घेराबंदी शुरू की तो माओवादियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों पर भारी पड़े।
सूत्रों के मुताबिक, जवानों की ओर से की गई सटीक फायरिंग में चार नक्सली ढेर हो गए हैं, जबकि कई अन्य के घायल होने की संभावना है। हालांकि, घने जंगल और दुर्गम रास्तों के कारण पुलिस ने अभी तक शवों की बरामदगी और आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि इस दस्ते में मिसिर बेसरा के साथ-साथ मोछू, सागेन अंगारिया और अश्विन जैसे कुख्यात नक्सली भी मौजूद थे। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। घायल कोबरा जवान की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा से रांची शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement