Budget 2020 : कागज उद्योग को सीमा शुल्क बढ़ोतरी की उम्मीद, बड़ी मात्रा में आयात करता है भारत
khaskhabar.com: बुधवार, 22 जनवरी 2020 4:29 PM (IST)
आईपीएमए ने पेपर एवं पेपरबोर्ड के आयात पर सीमा शुल्क को 10 प्रतिशत से
बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने की अपील की है, जिससे इस उद्योग को भी कृषि
उत्पादों के स्तर पर लाया जा सके, क्योंकि इसका कच्चा माल लकड़ी और देश के
लाखों किसानों से लिया जाने वाला कृषि कचरा है।
एफटीए की तत्काल समीक्षा और
पेपर एवं पेपरबोर्ड को एक्सक्लूजन/नेगेटिव लिस्ट में रखने की अपील भी की
गई है, क्योंकि इन देशों से होने वाले आयात पर केवल सीमा शुल्क में वृद्धि
से बहुत फर्क नहीं पड़ेगा। भारत-आसियान एफटीए और भारत-कोरिया सीईपीए के तहत
पेपर एवं पेपरबोर्ड पर आयात शुल्क को लगातार कम किया गया है और अभी
ज्यादातर ग्रेड के लिए यह शून्य पर पहुंच गया है।
एशिया पैसिफिक ट्रेड
एग्रीमेंट (एपीटीए) के तहत भी भारत ने चीन व अन्य देशों को आयात शुल्क में
छूट दी है और बेसिक कस्टम ड्यूटी को भी ज्यादातर पेपर ग्रेड के लिए 10
प्रतिशत से 7 प्रतिशत कर दिया है। सरकार को पेपर उद्योग का सहयोग करना
चाहिए, क्योंकि इसका गहरा संबंध देश के कृषक समुदाय से है और साथ ही यह
उद्योग भारत में 33 प्रतिशत जमीन को वृक्षारोपित करने के लक्ष्य को प्राप्त
करने की दिशा में भी शानदार तरीके से योगदान दे रहा है। (IANS)