BSF arrests smuggler with gold worth ₹2.82 crore at India-Bangladesh border-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:29 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर बीएसएफ ने 2.82 करोड़ रुपए के सोने के साथ तस्कर को पकड़ा

khaskhabar.com: रविवार, 12 अक्टूबर 2025 5:31 PM (IST)
भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर बीएसएफ ने 2.82 करोड़ रुपए के सोने के साथ तस्कर को पकड़ा
कोलकाता। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर सोने की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 2.82 करोड़ रुपए कीमत के 20 सोने के बिस्किट मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। यह जानकारी बीएसएफ अधिकारियों ने रविवार को दी। बीएसएफ ने एक बयान में कहा, "पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर होरंदीपुर सीमा चौकी पर तैनात बीएसएफ की दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की 32वीं बटालियन के जवानों ने एक भारतीय तस्कर को गिरफ्तार किया।" सटीक और विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर जवानों ने कुल 2332.66 ग्राम वजन के बिस्किट बरामद किए।
शनिवार रात होरंदीपुर सीमा चौकी पर तैनात 32वीं बटालियन के जवानों को गोपनीय सूत्रों से विश्वसनीय सूचना मिली कि भारत-बांग्लादेश सीमा के पास मुस्लिमपारा गांव का एक व्यक्ति बांग्लादेश से लाए गए सोने की तस्करी करने की योजना बना रहा है।
सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए कहा गया और तस्कर को रंगेहाथों पकड़ने के लिए संदिग्ध स्थान पर घात लगाकर छापा मारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे पहले से तैयार दल ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बांस के घने झुरमुट के पीछे घूमते देखा। इसके बाद उसे घेर कर पकड़ लिया गया।
उसकी तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक का पैकेट बरामद हुआ, जिसे खोलने पर सोने के 20 बिस्किट मिले। तस्कर को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया और आगे की पूछताछ के लिए होरंदीपुर सीमा चौकी लाया गया।
जब्त किए गए सोने के बिस्कुट और गिरफ्तार संदिग्ध को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।
बीएसएफ दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों से अपील की है कि वे सोने की तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी बल के 'सीमा साथी' हेल्पलाइन नंबर 14419 पर संपर्क कर दें या 9903472227 पर व्हाट्सऐप के माध्यम से संदेश या वॉयस नोट भेजें।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि विश्वसनीय जानकारी देने पर उचित पुरस्कार दिए जाएंगे और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
-आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement