khaskhabar.com: गुरुवार, 05 जनवरी 2017 5:48 PM (IST)
लंदन। भारत द्वारा शुरू किए गए महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम से ब्रिटेन की मीडिया और कई ब्रिटिश सांसदों में काफी नाराजगी है। भारत ने बुधवार को ऐलान किया था कि वह अपना रेकॉर्डतोड़ अंतरिक्ष मिशन शुरू करने जा रहा है, वह बृहस्पति और शुक्र के लिए भी अंतरिक्ष कार्यक्रम शुरू करेगा। भारत की इन योजनाओं से ब्रिटिश मीडिया में काफी नारजगी और वहां भारत के खिलाफ एक अभियान चलाया जा रहा है।
ब्रिटिश मीडिया में छपी खबरों में कहा गया है कि भारत को ब्रिटेन की ओर से अरबों की सहायता राशि मिलती है। भारत की इन अंतरिक्ष योजनाओं को निशाना बनाते हुए कहा गया है कि ब्रिटेन भारत को साढ़े 4 अरब की आर्थिक मदद देता है। डेली मेल में छपी एक खबर में कहा गया है कि भारत एक ओर तो ब्रिटेन से सहायता राशि लेता है और दूसरी तरफ इतने महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशन को शुरू करने की शेखी भी बघारता है। इस खबर की भाषा काफी तल्ख है।
मालूम हो कि अगले महीने 103 उपग्रहों को लेकर भारत का एक रॉकेट अंतरिक्ष के लिए रवाना होने वाला है। इसके साथ ही अंतरिक्ष मिशन के क्षेत्र में भारत दुनिया की सबसे अगली पंक्ति में शामिल हो जाएगा। ब्रिटिश अखबारों में भारत की इस उपलब्धि को लेकर काफी चिंता जाहिर की गई है। डेली मेल ने भारत को ब्रिटेन से मिल रही आर्थिक मदद के खिलाफ एक अभियान भी शुरू किया है। लिखा गया है कि भारत जिन 103 उपग्रहों को रवाना करेगा, उनमें से ज्यादातर उपग्रह अन्य देशों के हैं। इन्हें अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित करने के बदले भारत को इन देशों से काफी बड़ी रकम हासिल होगी।