khaskhabar.com: बुधवार, 25 जनवरी 2017 1:40 PM (IST)
पटना। जनता दल (युनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के बेटी की वोट से तुलना किए जाने के विवादास्पद बयान के बाद बिहार की राजनीति गर्मा गई है। राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जहां शरद यादव पर जमकर निशाना साधा, वहीं सत्ताधारी जद (यू) अपने पूर्व अध्यक्ष के बचाव में उतर गई है। जद (यू) के वरिष्ठ नेता और सांसद ने पटना में मंगलवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती समारोह में कहा कि वोट की इज्जत बेटी की इज्जत से बडी होती है।
इस बयान का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो मामला गर्मा गया। शरद यादव ने कहा, लोगों को यह बताना बेहद जरूरी है कि बैलट पेपर कैसे काम करता है। वोट की इज्जत आपकी बेटी की इज्जत से ज्यादा बडी होती है। उन्होंने आगे कहा, अगर बेटी की इज्जत गई तो सिर्फ गांव और मुहल्ले की इज्जत जाएगी, लेकिन अगर वोट एक बार बिक गया, एक बार गडबड हो गया, तो देश और सूबे की इज्जत चली जाएगी। सारे सपने खत्म हो जाएंगे।