Bharat Food & Agro @ 2047 Conclave to be held in Delhi on November 21; entrepreneurs from the food and agriculture sector to gather at Bharat Mandapam.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत फूड एंड एग्रो @ 2047 कॉन्क्लेव 21 नवंबर को दिल्ली में, खाद्य एवं कृषि क्षेत्र के उद्यमी जुटेंगे भारत मंडपम में

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 3:48 PM (IST)
भारत फूड एंड एग्रो @ 2047 कॉन्क्लेव 21 नवंबर को दिल्ली में, खाद्य एवं कृषि क्षेत्र के उद्यमी जुटेंगे भारत मंडपम में
नई दिल्ली। देशभर में एमएसएमई सेक्टर के संरक्षण, संवर्धन और कल्याण के लिए बीते तीन दशकों से कार्यरत संगठन लघु उद्योग भारती की ओर से 21 नवम्बर को दिल्ली में खाद्य एवं कृषि विषयक नेशनल कॉन्क्लेव आयोजित किया जायेगा। ये जानकारी संगठन के खाद्य एवं कृषि उत्पाद समूह के राष्ट्रीय सह-समन्वयक आशीष देवड़ा ने आज लघु उद्योग भारती के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि विकसित भारत-2047 की संकल्पना को साकार करने में फूड एवं एग्रो सेक्टर की बड़ी भूमिका होगी जिसमें कृषि उत्पादों का बड़े स्तर पर मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) का कार्य किया जायेगा। देवड़ा ने बताया कि हर वर्ष देश में करीब 90 हजार करोड़ की कृषि पैदावार ख़राब हो जाती है जिसमें हॉर्टिकल्चर उत्पाद- फल और सब्जियां शामिल हैं। इसलिए फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) फूड एवं एग्रीकल्चर सेक्टर के लिए बड़ा अवसर है। उन्होंने नॉन टैरिफ बैरियर का फायदा उठाने के लिए कृषि उत्पादों के वैल्यू एडिशन को अत्यंत आवश्यक बताया।
देवड़ा ने बताया कि फसल कटाई के बाद होने वाले संभावित नुकसान को सीमित करने वेयर हाउसिंग और कोल्ड चेन की व्यवस्था को और गतिशील बनाने की जरूरत है। एमएसएमई इकाइयों को विदेशों में व्यापार करने के लिए फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड को एक पासपोर्ट की दर्जा देना होगा न कि उसे किसी तरह का भार समझा जाये।
देवड़ा ने मंडी स्तर पर टेस्ट लैब्स की व्यवस्था को लागू करने पर जोर दिया, उन्होंने बताया कि ऐसा करने से किसान को प्रतिबंधित पेस्टीसाइड्स से होने वाले नुकसान और अन्य FSSAI मानकों की समुचित जानकारी मिल सकेगी। इससे फूड प्रोसेसर्स और एक्सपोर्टर्स को भी कानूनी परेशानियों से राहत मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत फूड एंड एग्रो सेक्टर में करीब 51 बिलियन डॉलर का निर्यात करता है जिसे दोगुना करते हुए 100 बिलियन डॉलर तक ले जाने के लिए व्यापक सुधारों और नवाचारों पर काम करना होगा। जैविक खेती और जीआई टैग को भी विशेष प्रोत्साहन देकर भारत की पारम्परिक खेती को वैश्विक स्तर पर ब्रांड बनाने पर बल दिया।
इससे पूर्व लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश गुप्ता ने संगठन की 33 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया कि एमएसएमई सेक्टर के लिए एडवोकेसी और नीति निर्माण के साथ आईआईएम, आईआईटी, एनआईटी और तकनीक और प्रबंधन से जुड़े अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से एमओयू करने के साथ संगठन ने TOT प्रोजेक्ट में सीएसआईआर की टेक्नोलॉजी को सैंकड़ो उद्यमियों को उपलब्ध करवाने का उल्लेखनीय कार्य किया है।
गुप्ता ने बताया कि संगठन ने महिला उद्यमियों के उत्पादों को शोकेस कर बाजार उपलब्ध करवाने के लिए स्वयंसिद्धा प्रदर्शनी, बी2बी ट्रेड फेयर इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF), डिफेंस और स्पेस टेक्नोलॉजी में एमएसएमई को लीड देने के लिए इंडिया मैन्युफैक्चरिंग शो (IMS) जैसे अभिनव कार्यक्रमों के आयोजन के साथ उद्यमिता, कौशल विकास, रोजगार सृजन पर निरंतर कार्य किया जा रहा है।
फूड एंड एग्रो कॉन्क्लेव में ये गेस्ट/विशेषज्ञ होंगे शामिल
केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ सिंह चौधरी और फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री मंत्रालय सचिव-अविनाश जोशी IAS खाद्य और कृषि क्षेत्र के उद्यमियों को सम्बोधित करेंगे। इस कॉन्क्लेव में विशेष तकनीकी सत्रों की रचना की गई है जिसमें विविध महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ उद्यमियों का मार्गदर्शन करेंगे। मॉडर्न ट्रेड एंड क्विक कॉमर्स विषय पर महाराष्ट्र के अग्रणी उद्यमी गिरीश चितले एवं एनएसआईसी के सीनियर जीएम (बीडी एंड हेड-डिजिटल सर्विसेस) विद्यासागर सिंह, फ्यूचर ऑफ़ फ़ूड विषय पर सीएफटीआरआई मैसूर के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. सुहास आर. और हल्दीराम के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. अशोक त्यागी, आर्गेनिक फार्मिंग पर राजस्थान के अग्रणी उद्यमी ताराचंद गोयल चर्चा करेंगे।
इसी तरह से फूड प्रोसेसिंग में FSSAI- रेगुलेटर की बजाय सहायक विषय पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के एडवाइज़र-क्वालिटी अस्योरेंस सत्येन कुमार पांडा संवाद करेंगे, एमएसएमई और कृषि से जुडी समस्यों पर खुला सत्र आयोजित होगा। रिसर्च टू रियलिटी ”टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन फॉर फ्यूचर ऑफ़ फ़ूड” विषय पर हेड-एफबीएमईडी, निफ्टेम डॉ. विमल पंत, ड्राइविंग एमएसएमई ग्रोथ थ्रू एआई एंड मॉडर्न टेक्नोलॉजी विषय पर विद्यालंकार पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट की संध्या कुमार एवं पूजा राज श्रीवास्तव, ट्रांसफॉर्मिंग एग्री वेयर हाउसिंग पर ‘एग्री-बाजार’ के चीफ बिजनेस ऑफिसर अतुल चूरा, एक्सपोर्ट एंड ग्लोबल रीच विषय पर एपिडा चेयरमैन अभिषेक देव-IAS और टेकिंग फूड एमएसएमई ग्लोबल विषयक पैनल डिस्कशन में जॉइंट डीजीएफटी रमेश वर्मा, डायरेक्टर-एसएमजे एक्सपोर्ट तरुण बाफना और आरना इंटरनेशनल के कनिष्क श्रीवास्तव सम्मिलित रहेंगे।
इस अवसर पर दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष दीवान चंद गुप्ता, तेलंगाना से अनुज खंडेलवाल, महाराष्ट्र से कौशिक मालू, मध्यप्रदेश से अनिल नवानी, उत्तर प्रदेश से राकेश अग्रवाल एवं आशुतोष शर्मा सहित कई उद्यमीगण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement