Atishi Hits Back at Raghav Chadha, Asks: Why Are You Afraid to Question the Government?-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:59 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राघव चड्ढा पर आतिशी का पलटवार, पूछा- सरकार से सवाल पूछने में डर क्यों

khaskhabar.com: शुक्रवार, 03 अप्रैल 2026 3:14 PM (IST)
राघव चड्ढा पर आतिशी का पलटवार, पूछा- सरकार से सवाल पूछने में डर क्यों
नई दिल्ली । राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के आरोपों के बाद दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता आतिशी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा सरकार से सवाल पूछने में डरते हैं। चुनाव आयोग का दुरुपयोग हो रहा है और उस पर बोलने से डर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने राघव चड्ढा का नाम लेते हुए कहा, "आप सरकार से सवाल पूछने में क्यों डरते हैं। आज हमारे लोकतंत्र और संविधान पर खतरा है। हमारी आंखों के सामने चुनाव आयोग का दुरुपयोग करके पश्चिम बंगाल का चुनाव चुराया जा रहा है। लेकिन आप उस पर सवाल नहीं उठाते हैं। आप उस पर बोलने से डर रहे हैं।" आतिशी ने आगे कहा, "आज देश के सामने सबसे बड़ा संकट एलपीजी गैस सिलेंडर का है। आप राज्यसभा सांसद हैं, इसलिए हो सकता है कि आपको परेशानी नहीं हो रही होगी, लेकिन एक आम परिवार को अपने बच्चों के लिए खाना बनाने में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जब आम आदमी पार्टी ने सिलेंडर को लेकर सवाल उठाए और आपको इस मुद्दे पर बोलने के लिए कहा गया तो आप चुप रहे। क्या आप सरकार से डर गए हैं?"
इसके अलावा, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी राघव चड्ढा पर प्रहार किया। उन्होंने 'एक्स' पर शेयर वीडियो में कहा, "हम लोग अरविंद केजरीवाल के सच्चे सिपाही हैं। हमने केजरीवाल से सिर्फ एक ही बात सीखी है, 'निडरता, हिम्मत और साहस' के साथ लड़ना और संघर्ष करना। लेकिन बड़े अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि आप सीईसी के खिलाफ प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं। पंजाब के मुद्दों पर आप खामोश रहते हैं। सरकार के खिलाफ आप अपनी आवाज नहीं उठाते हैं।"
संजय सिंह ने अपने बयान में कहा, "देश, जनहित, पार्टी और पार्टी के कार्यकर्ताओं से जुड़े तमाम मुद्दों पर आप (राघव चड्ढा) नहीं बोलते हैं। पंजाब के तमाम अधिकारों को छीनने का काम केंद्र सरकार करती है, तब आप नहीं बोलते हैं। बहुत सारे विषयों पर सदन से वॉकआउट करने का मामला आता है, तब आप वॉकआउट नहीं करते हैं। ऐसे तमाम विषयों पर देश आपसे जवाब चाहता है।"
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने पिछले दिनों राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता के पद से हटाया। इसके बाद सांसद ने सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाए कि उनकी आवाज दबाने की कोशिश हो रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement