आर्मी के एक उच्च अधिकारी ने कहा, ‘हमें लगातार अभियान चलाने पर गौर करना
होगा। आतंकी नेटवर्क बैकफुट पर तो है, लेकिन उसे गंभीर चोट पहुंचाने के लिए
हमें मीडियम टर्म योजना तैयार करनी होगी, यानी कम से कम 6 महीने तक अभियान
चलाने की जरूरत होगी। इक्का-दुक्का वार करने से आतंकवादियों पर असर नहीं
होगा।’ वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों का मानना है कि पाकिस्तान में बैठे
आतंकवादियों के सरगना भारत द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक का बदला लेने के
लिए आने वाले हफ्तों में और आतंकवादियों को भेजने की कोशिश करेंगे।
ऐसे में
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीरी हिस्से में इनके और ठिकाने बन सकते हैं।
सेना का मानना है कि इन ठिकानों को नष्ट करना होगा। सैन्य अधिकारियों ने
सरकार के आगे साफ किया है कि नियंत्रण रेखा के पार इस तरह के हमले करने के
लिए कश्मीर में सुरक्षा बढ़ाने की भी जरूरत होगी। उनका कहना है कि सीमा पर
चौकसी बढ़ाने के साथ ही घाटी में लोगों का भरोसा जीतना होगा।