एर्नाकुलम। हाइवे के किनारे शराब की दुकानों को बंद करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राज्य सरकारें और शराब कारोबारी उससे बचने के कई रास्ते निकाल रहे हैं। मगर कुछ शराब दुकान मालिकों ने ऐसी दिलचस्प काट निकाली है कि देखने वाले हैरान रह जाएं। शराब बेचने वालों ने कोर्ट के आदेश का पालना इस तरह की है कि सांप भी मर जाए और लाठी भी ना टूबे यानी उनकी दुकान भी चलती रहे और कोर्ट की नाफरमानी भी न हो। ऐसी ही एक शराब दुकान केरल के एर्नाकुलम जिले के उत्तरी परावुर में है जो पहले हाइवे से 150 मीटर की दूरी पर थी और कोर्ट के आदेश के बाद अब 520 मीटर की दूरी पर है। मजे की बात यह है कि हाइवे से 370 मीटर दूरी बढ़ जाने के बावजूद यह दुकान उसी स्थान पर है, जहां पहले थी, दुकान को तो छुआ भी नहीं गया है।
यहां दी गई तस्वीर को देखकर आपको माजरा लगभग समझ में आ गया होगा। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि शराब की कोई दुकान हाइवे से नहीं दिखनी चाहिए या हाइवे से 500 मीटर की सीधी पहुंच में नहीं होनी चाहिए। कोर्ट के आदेश की इसी ‘तकनीकी कमी’ का फायदा उठाते हुए उत्तरी परावुर में नेशनल हाइवे 17 के किनारे बने ऐश्वर्या बियर और वाइन पार्लर ने दुकान के चारों तरफ दीवार बनाकर बीच में इस तरह रास्ता बना दिया है कि हाइवे से पैदल चलकर आने पर यह दूरी 520 मीटर हो गई है। इसी के साथ दीवार इतनी ऊंची बना दी गई है कि हाइवे से वह सीधे नजर नहीं आती है। ऐसे में कोर्ट के आदेश का पालन भी हो गया और दुकान भी वहीं की वहीं बनी हुई है।
बार के मैनेजर शिजू पी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 1 अप्रैल को दुकान बंद कर दी गई थी, लेकिन अब इस रास्ते के तैयार होने के बाद इसे फिर से शुरू कर दिया गया है, क्योंकि अब दुकान हाइवे से 520 मीटर की दूरी पर हो गई है। खास बात यह है कि प्रशासन और आबकारी विभाग के अफसरों को भी इस पर कोई आपत्ति नहीं है। अतिरिक्त आबकारी कमिश्नर ए विजयन ने बताया, ‘हम हवाई दूरी नहीं नापते बल्कि पैदल दूरी नापते हैं। हालांकि, एंट्री को बदलने के लिए उन पर जुर्माना लगाया जाएगा।’