khaskhabar.com: बुधवार, 04 जनवरी 2017 6:14 PM (IST)
रोहतक। हरियाणा में खेलों को बढ़ावा देने के लिए 440 खेल नर्सरी खोली
जाएंगी। यह जानकारी हरियाणा के स्वास्थ्य, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री
अनिल विज ने दी। उन्होंने कहा कि सिर्फ 6 माह के प्रशिक्षण से ओलंपिक में
पदक नहीं आ सकते, इसके लिए बचपन से ही कड़ी मेहनत करनी होगी।
वहीं, विज ने
बताया कि रोहतक में 12 जनवरी से शुरू होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव का
थीम डिजीटल इंडिया होगा। स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर अनिल विज ने पीजीआई
समेत पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी से साफ
तौर पर इंकार किया है। प्रदेश के स्वास्थ्य, खेल एवं
युवा मामलों के मंत्री अनिल विज बुधवार को रोहतक पहुंचे। उनके साथ प्रदेश
के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर भी थे। उन्होंने महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी
में होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। यह
महोत्सव 12 से 16 जनवरी तक होगा। इस महोत्सव में देश भर से करीब 6 हजार
युवा भाग लेंगे। इस महोत्सव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी
निमंत्रण भेजा गया है। हालांकि अभी मुख्य अतिथि का नाम तय नहीं है।
यहां पत्रकारों से बातचीत में अनिल विज ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा
देने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में 20-20 खेल नर्सरी
खोली जाएंगी। उन्होंने ओलंपिक में पदक तालिका में अव्वल रहने वाले देशों का
उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ 6 माह के प्रशिक्षण से ओलंपिक में पदक
नहीं आ सकते, इसके लिए बचपन से ही कड़ी मेहनत करनी होगी, तभी सकारात्मक
नतीजे जाएंगे। विज ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की बात
कही। साथ ही पीजीआई समेत प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार
की कमी से साफ तौर पर इंकार किया। विज ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा
पर भी निशाना साधा और कहा कि जनता ने उन्हें बेरोजगार कर दिया है। इस मौके
पर प्रदेश के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव को
यादगार और बेहतरीन बनाने की बात कही।