चंडीगढ़। हरियाणा बिजली नियामक आयोग ने वित्त वर्ष 2016-17 के लिए टैरिफ आदेश की अधिसूचना जारी कर दी है। टैरिफ आदेश के अनुसार सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को 37 पैसे प्रति यूनिट बिजली सस्ती मिलेगी। किसी भी श्रेणी के उपभोक्ताओं के टैरिफ में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। 50 किलोवाट तक के एलटी इंडस्ट्री में फिक्स चार्जिज को 170 रुपए प्रति किलोवाट से कम करके 160 रुपए प्रति किलोवाट किया गया है, जिससे 16,728 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा और 50 किलोवाट से अधिक लोड के एचटी इंडस्ट्री में फिक्स चार्जिज को 200 रुपए प्रति केवीए से कम करके 190 रुपए प्रति केवीए किया गया है, जिससे 110 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
नई सोलर नीति के अंतर्गत 1 अगस्त से रूफ टॉप सोलर प्रणाली के लिए प्रोत्साहन राशि को 25 पैसे प्रति यूनिट से बढ़ाकर एक रुपए प्रति यूृनिट किया गया है। ओपन एक्सेस उपभोक्ताओं के लिए व्हीलिंग चार्जिज को 85 पैसा प्रति यूनिट से कम करके 71 पैसा प्रति यूनिट किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को उनके बिजली के बिल निगम की वेबसाइट से डाउनलोड करने पर 5 रुपए प्रति बिल की छूट दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ नागरिकों को 10 रुपए प्रति बिल की छूट होगी।
जिन उपभोक्ताओं के बिजली के बिल 15,000 रुपए से कम हैं, वे निगमों को सीधे ऑनलाइन के माध्यम से बिल की अदायगी कर सकते हैं और उन्हें 5 रुपए की भी छूट होगी तथा 15,000 रुपए से अधिक की बिल राशि वाले उपभोक्ता के लिए ऑनलाइन, आरटीजीएस, एनईएफटी या अधिकृत बैंकों के माध्यम से बिल की अदायगी आवश्यक होगी।