Advertisement
वैवाहिक रिश्तों में नहीं लेना चाहिए झूठ का सहारा, ताउम्र होता है दु:ख

दोनों पक्ष करते हैं गलती
वैवाहिक संबंध स्थापित करते वक्त दोनों पक्षों द्वारा झूठ का सहारा लिया जाता है। फिर चाहे वह झूठ छोटा हो या बड़ा झूठ ही होता है। इसके पीछे भी कई कारण काम करते हैं—जैसे—कभी अच्छी लडक़ी और अधिक दहेज की उम्मीद के कारण वर पक्ष गलत जानकारी देता है, तो कभी अच्छा घर-वर देखकर वधू पक्ष ऐसा कर बैठता है। उस समय उनके मन में यह विचार नहीं उठता कि बाद में जब सच्चाई सामने आएगी तब क्या होगा।
विवाह सम्बन्धों के वक्त आमतौर पर कुछ ऐसे झूठ बोले जाते हैं जो अब सामान्य से लगने लगे हैं। जैसे—लडक़े या लडक़ी की उम्र कम बताना, लडक़ी के गुणों की बढ़ा-चढ़ाकर प्रशंसा करना, लडक़े की पढ़ाई, नौकरी या फिर उसकी कमाई दो-तीन गुना बता देना, लडक़े-लडक़ी की बीमारियों को छिपाना, उनकी आदतों, चाल-चलन के बारे में गलत जानकारी देना। इन मामलों में आजकल के मध्यस्थों अर्थात् मैरिज ब्यूरो वालों की भी अहम् भूमिका होती है।
कई बार वर या वधू के माता-पिता द्वारा सम्पूर्ण तथ्य सही बताने के बावजूद बिचौलिए या शादी-ब्याह के दलाल (मेट्रीमोनियल एजेन्ट) या कथित एजेंसियाँ अपने मोटे कमीशन की लालच में जैसे-तैसे झूठे-सच्चे वादे एवं गलत जानकारियाँ देकर रिश्ते करवा देते हैं। बाद में सच्चाई सामने आने पर वर और वधू लड़ते -झगड़ते रहते हैं। पति-पत्नी में तनातनी चलती रहती है और कई बार मामला अदालत तक पहुंच जाता है, जिसकी परिणति तलाक के रूप में होती है। वस्तुत: विवाहोपरान्त किसी रिश्तेदार या अन्य माध्यम से जब प्रभावित पक्ष को झूठ का पता चलता है, तो वह ठगा-सा महसूस करता है और आक्रामक हो उठता है। परिणामस्वरूप झगड़ा होकर परिवार बिखर जाता है, संबंध टूट जाते हैं।
दूसरी अहम् भूमिका इंटरनेट की है। भागदौड़ से भरी जिन्दगी में वर्तमान में किसी के पास इतना समय नहीं है कि वह वर-वधू की सही जानकारी एकत्रित कर सके, इसलिए आपसी संबंध खत्म होने लगे हैं। अब अधिकतर शादियाँ इंटरनेट के जरिए हो रही हैं, जहाँ बायोडेटा में गलत जानकारियाँ दे दी जाती हैं। गुजरे जमाने की तरह खानदान का विस्तार तो रहा नहीं, परिवार सिमटकर पति-पत्नी और दो बच्चों तक रह गया है। ऐसे में शादी के लिए खानदान की जांच-पड़ताल करवा पाना भी मुश्किल होता जा रहा है। अखबार के विज्ञापन हों या फिर इंटरनेट के जरिए की जा रही शादी, दोनों ही सूरतों में सही जांच-पड़ताल हो पाना थोड़ा मुश्किल होता है। इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि यह दो जिन्दगियों और उसके बाद आने वाली पीढ़ी का सवाल है, जब तक सामने वाले पक्ष के बारे में पूरी तरह से सही जानकारी हासिल न हो जाए, रिश्तों को तय करने की जल्दबाजी न करें। कहीं ऐसा न हो कि आपकी जल्दबाजी आपको ताउम्र का पछताव दे।
कई बार तो माता-पिता कमियाँ जानने के बावजूद इस सोच में बच्चों की शादी तय कर देते हैं कि शायद शादी के बाद सब ठीक हो जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं होता। अगर आपका बेटा या बेटी अपनी पसन्द से शादी करना चाहते हैं तो उन्हें स्वीकार कीजिए। अपनी मर्जी या जिद से यदि आपने उनकी शादी कहीं और कर दी तो तय है दो जिन्दगियाँ और दो परिवार बर्बाद हो जाएंगे। यह भूल कभी न करें। अब वक्त बदल गया है। जात-पात, ऊँच-नीच के प्रति धारणा बदलने लगी है।
एक झूठ से कई जिन्दगियाँ बर्बाद हो जाती हैं। दोनों पक्षों को जो सही है उसकी जानकारी का आदान-प्रदान करना चाहिए। सभी बातों के बाद अगर वे राजी होते हैं तो रिश्तों को पक्का करना चाहिए। एक बार शादी हो जाए, फिर सब ठीक हो जाएगा, ऐसा सोचकर झूठी-सच्ची बातें बनाकर तय किए गए संबंधों का नतीजा कभी भी अच्छा नहीं होता। कभी-कभी लडक़ा या लडक़ी आत्महत्या जैसा कदम उठा लेते हैं। अत: समझदारी इसी में है कि तथ्यों को सही-सही बयान करें।
पूर्ण कोई नहीं होता, हरेक में कोई न कोई कमी होती है, यदि उन कमियों को सही रूप में पहले ही सामने रख दिया जाए, तो शायद ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाएगा जो आपको जिन्दगी भर का दुख दे जाए। जिन रिश्तों में ईमानदारी, स्पष्टवादिता और विश्वास की नींव होती वही वैवाहिक रिश्ते खूबसूरत होते हैं। झूठ की नींव पर रखे गए रिश्तों में न मधुरता होती है न स्थिरता। ऐसे रिश्तों का अन्त हमेशा दु:खद ही होता है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
यह भी प�?े
लाइफस्टाइल
Advertisement
Traffic
Features


