बॉलीवुड में डिम्पल गर्ल के नाम से ख्यात दीपिका पादुकोण की पहली हॉलीवुड फिल्म ट्रिपल एक्स रिटर्न ऑफ जेंडर केज का दूसरा ट्रेलर जारी किया गया है। यह ट्रेलर पूर्णत: दीपिका पादुकोण को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इस ट्रेलर के हर दृश्य में दीपिका पादुकोण नजर आ रही हैं। इसका कारण यह बताया जा रहा है कि दीपिका पादुकोण भारत की लोकप्रिय सितारा हैं और इस फिल्म की पूरी सफलता भारत पर निर्भर करती है। आजकल हॉलीवुड फिल्में भारत में एक सप्ताह पहले प्रदर्शित की जाती हैं। हॉलीवुड को विश्वास है कि यदि फिल्म ने भारत में सफलता प्राप्त कर ली तो निश्चित रूप से विश्व भर में यह सफल होगी। ट्रिपल एक्स रिटर्न ऑफ जेंडर केज के टीजर में दीपिका पादुकोण को विशेष महत्त्व नहीं दिया गया था, जिसकी भारतीय मीडिया ने जमकर आलोचना की थी, यहां तक कि बॉलीवुड में भी इस टीजर की आलोचना हुई थी।