It will be difficult to find information related to weapons and violence on ChatGPT: OpenAI will tighten security rules, parents will receive alerts.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ChatGPT पर हथियारों और हिंसा से जुड़ी जानकारी पाना होगा मुश्किल: OpenAI सख्त करेगी सुरक्षा नियम, पैरेंट्स को मिलेंगे अलर्ट

khaskhabar.com: सोमवार, 02 नवम्बर 2026 12:27 PM (IST)
ChatGPT पर हथियारों और हिंसा से जुड़ी जानकारी पाना होगा मुश्किल: OpenAI सख्त करेगी सुरक्षा नियम, पैरेंट्स को मिलेंगे अलर्ट
OpenAI ने ChatGPT पर किशोरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए सेफ्टी फीचर्स लागू करने का ऐलान किया है। इसके तहत हथियारों और सिक्योरिटी सिस्टम से जुड़ी ऐसी व्यावहारिक जानकारियों पर रोक लगाई जाएगी, जिनका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात यह है कि सामान्य दिखने वाले सवालों के जवाब देते समय भी इन नियमों का ध्यान रखा जाएगा। कंपनी का उद्देश्य एआई प्लेटफॉर्म के जरिए हिंसा और नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को रोकना है। हिंसक बातचीत पर लगेगी रोक, बार-बार उल्लंघन पर अकाउंट हो सकता है सस्पेंड OpenAI के नए सुरक्षा नियम सभी यूजर्स पर लागू होंगे। यदि कोई व्यक्ति ChatGPT पर लगातार हिंसा, हमले या किसी को नुकसान पहुंचाने से जुड़ी बातचीत करता है, तो सिस्टम संबंधित चैट सेशन को अपने-आप बंद कर सकता है।
इसके अलावा, यदि कोई यूजर बार-बार ऐसी गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो कंपनी उसके अकाउंट को कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से निलंबित कर सकती है।
पुराने सामूहिक हमलों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी भी नहीं मिलेगी
कंपनी ने अतीत में हुए जनसंहारों और बड़े हिंसक हमलों से संबंधित जानकारी देने के नियमों को भी सख्त करने का फैसला किया है। अब ऐसे मामलों में हमलों में इस्तेमाल किए गए हथियारों के प्रकार और उन्हें हासिल करने के तरीकों जैसी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच सीमित रहेगी।
इसका उद्देश्य ऐतिहासिक घटनाओं की जानकारी और ऐसी व्यावहारिक सामग्री के बीच अंतर बनाए रखना है, जिसका इस्तेमाल किसी हिंसक गतिविधि को अंजाम देने में किया जा सकता है।
कुछ हफ्तों में चरणबद्ध तरीके से लागू होंगे नए फीचर्स
OpenAI के मुताबिक, नए सुरक्षा फीचर्स अगले कुछ हफ्तों में चरणबद्ध तरीके से लागू किए जाएंगे। कंपनी इन उपायों की प्रभावशीलता पर लगातार नजर रखेगी और जरूरत के अनुसार सुरक्षा नीतियों में बदलाव भी करेगी।
किशोर रोजाना औसतन 15 मिनट से कम करते हैं ChatGPT का इस्तेमाल
OpenAI ने इसी महीने किशोरों द्वारा ChatGPT के इस्तेमाल को लेकर अपनी पहली रिपोर्ट जारी की थी। रिपोर्ट के अनुसार, किशोर यूजर्स रोजाना औसतन 15 मिनट से भी कम समय इस प्लेटफॉर्म पर बिताते हैं। हालांकि, कंपनी का मानना है कि इस्तेमाल का समय कम होने के बावजूद युवाओं की ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
पैरेंट्स की शिकायतों के बाद बढ़ा AI कंपनियों पर दबाव
दुनियाभर में AI कंपनियों से यह अपेक्षा बढ़ रही है कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर बच्चों और किशोरों की मानसिक एवं शारीरिक सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
गैर-सरकारी संगठन कॉमन सेंस मीडिया की एक हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ChatGPT के टीन वर्जन में आत्महत्या, खुद को नुकसान पहुंचाने और ईटिंग डिसऑर्डर जैसे संवेदनशील विषयों पर बातचीत के दौरान माता-पिता को समय पर अलर्ट भेजने की व्यवस्था प्रभावी नहीं रही।
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ मामलों में अभिभावकों को देर से सूचना मिली, जबकि कुछ मामलों में उन्हें अलर्ट नहीं मिला। इस रिपोर्ट के बाद किशोरों की सुरक्षा और पैरेंटल अलर्ट सिस्टम को लेकर OpenAI की व्यवस्था पर सवाल उठे। कंपनी के नए सुरक्षा उपायों को इसी दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement