Second day- Navratri: Worship provides divine qualities-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:57 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

द्वितीय दिवस- नवरात्रि : उपासना दिव्य गुण प्रदाता है

khaskhabar.com: सोमवार, 16 अक्टूबर 2023 3:14 PM (IST)
प्रेम, करुणा, आत्मीयता और सौजन्य की अजस्त्र धाराएँ परमात्मा से प्रवाहित होती रहती हैं। प्राणिमात्र का पोषण संरक्षण एवं अभिवर्धन इन्हीं विशेषताओं के द्वारा तो वह करता है। ऐसे प्रभु के समीप बैठने वाले में- "उपासना" करने वाले में यही विशेषताएँ अवतरित होती हैं। अपने भाई बहिनों के प्रति, प्राणिमात्र के प्रति अनन्त करुणा और आत्मीयता की भावनाएँ उपासक के अन्तःकरण में उद्भूत होती हैं। उनको चरितार्थ करके वह अपने जीवन को यशस्वी बनाता है और मनःक्षेत्र में धारण किये रहकर अनन्त शांति का अनुभव करता है। परमात्मा की "उपासना" का प्रतिफल पाने के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ती है। कई व्यक्ति पुरुषार्थ के मूल्य पर मिलने वाली भौतिक सम्पदाओं को परमात्मा से मुफ्त में ही पाने की आशा लगाए हुए दीन-हीन भिक्षुक की तरह बैठे रहते हैं। जिन्हें प्रेम और उत्सर्ग की उच्च भावनाओं से प्रेरित होकर प्रभु के चरणों में बैठने की आकाँक्षा है उन्हें अपने प्रियतम का प्रेम प्रतिपादित करने के लिए क्षण-भर भी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती। उपासना वासना की आग को बुझाती है, तृष्णा की जलन को शान्त करती है, चिन्ता, भीति और घृणा की उन व्यथाओं को हटाती है, जो मानव - जीवन को निरन्तर अशान्त बनाए रहती है। "उपासना" और "आत्मशान्ति" एक ही वस्तु के दो पहलू हैं। आत्मा अपनी उद्गम सत्ता परमात्मा की ओर उन्मुख होगी तो निश्चय ही उसे प्रकाश मिलेगा। परमात्मा का प्रकाश पड़ने पर आत्मा भी अपने सत्-चित-आनन्दमय स्वरूप के साथ प्रकाशवान् दीखता है। ऐसे प्रकाशवान् जीवन में नर से नारायण की, पुरुष से पुरुषोत्तम की, आत्मा से परमात्मा की प्रत्यक्ष परिणति दृष्टिगोचर होती है। इसलिए "उपासना" को मानव-जीवन की सर्वोपरि बुद्धिमत्ता माना गया है। ईश्वर और उसकी अनुभूति पृष्ठ-84 पं.श्रीराम शर्मा आचार्य

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement