Sage Meditation: Be Self-Respectful, Not Egoistic-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऋषि चिंतन: स्वाभिमानी बनें, अहंकारी नहीं

khaskhabar.com: गुरुवार, 22 जून 2023 7:36 PM (IST)
"अहंकार" एक उद्धत ओछापन है, जिससे अपना आत्मिक स्तर गिरता है और जिनसे भी हमारा संपर्क बनता है, उनके मन में क्षोभ भरी प्रतिक्रिया होती है। अहंकार एक प्रकार से दूसरों का अपमान है। जब हम अपना बड़प्पन जताते हैं, तब परोक्ष रूप से इसका अर्थ यह होता है कि दूसरों का मूल्य एवं महत्त्व कम करते हैं।

"स्वाभिमान" बिलकुल अलग बात है, अहंकार बिलकुल उलटी, बिलकुल दूसरी। कई व्यक्ति अहंकार को ही स्वाभिमान समझते हैं। यह भारी भूल है। आत्मा की शक्ति, सामर्थ्य, पवित्रता एवं उत्कृष्टता पर विश्वास करना और कोई ऐसा काम न करना, जिससे अपनी या किसी अन्य की दृष्टि में यह मूल्य घटता हो, "स्वाभिमान" है। आंतरिक उत्कृष्टता एवं आदर्शवादिता को किसी भी मूल्य पर घटने न देना, भय और प्रलोभनों की परवाह किए बिना कष्ट सहते हुए भी अपनी उच्चस्तरीय गतिविधियों को अक्षुण्ण रखने में संतोष एवं गौरव अनुभव करना यह स्वाभिमान है। ऐसे "स्वाभिमान" की रक्षा करनी ही चाहिए। अहंकार वह है जिसमें अपनी दौलत, अक्ल, पदवी या ख्याति को चोट पहुँचते ही अपमान अनुभव होता है और इसे अपनी भारी क्षति समझकर प्रतिशोध के लिए भड़भड़ाहट उठती है। अपनी लौकिक स्थिति को आकाश-पाताल जैसी ऊँची मानना, उसे बढ़ा-चढ़ाकर बताना, जो उसी प्रकार की हाँ-हाँ करे, उससे प्रसन्न होना और जो आलोचना या निंदा करे उससे बिगड़ पड़ना, ये अहंकार के चिह्न हैं। हर किसी के मुँह से प्रशंसा सुनने की लालसा केवल अहंकारी को ही हो सकती हैं ।

हम "स्वभिमानी" बनें; "अहंकारी" नहीं । मनुष्य का गौरव मनुष्यता में है । सज्जन व्यक्ति नम्र, विनयशील, सीधे, सरल, सहिष्णु और उदार होते हैं । यह आत्मिक गुणों का अमृत ही उन्हें इतनी तृप्ति देता रहता है कि फिर बाहरी प्रशंसा की शराब उन्हें सर्वथा निरर्थक प्रतीत होती है । उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक अहंकार में डूब मत जाइए के पृष्ठ-30 से लिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement