Rishi thoughts: Prosperity and happiness and peace are mutually interdependent-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:55 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऋषि चिंतन: संपन्नता और सुख- शांति—परस्पर अन्योन्याश्रित है

khaskhabar.com: मंगलवार, 19 दिसम्बर 2023 11:39 AM (IST)
ऋषि चिंतन: संपन्नता और सुख-
शांति—परस्पर अन्योन्याश्रित है
किसी भी मनुष्य अथवा समाज की उन्नति का लक्षण है- "सुख", "शांति" और "संपन्नता"। ये तीनों बातें एकदूसरे पर उसी प्रकार निर्भर है । जिस प्रकार किरणें सूर्य पर और सूर्य किरणों पर निर्भर है। जिस प्रकार किरणों के अभाव में सूर्य का अस्तित्व नहीं और सूर्य के अभाव में किरणों का अस्तित्व नहीं, उसी प्रकार बिना "सुख"-"शांति" के "संपन्नता" की संभावना नहीं और बिना "संपन्नता" के "सुख"-"शांति" का अभाव रहता है।
यदि गंभीर दृष्टि से देखा जाए तो पता चलेगा कि आरामदेह जीवन की सुविधाएँ "सुख"-"शांति" का कारण नहीं हैं बल्कि निर्विघ्न तथा निर्द्वंद जीवन प्रवाह की स्निग्ध गति ही सुख-शांति का हेतु है। जिसका जीवन एक स्निग्ध तथा स्वाभाविक गति से ही बहता चला जा रहा है, सुख-शांति उसी को प्राप्त होती है। इसके विपरीत जो अस्वाभाविक एवं उद्वेगपूर्ण जीवनयापन करता है, वह दु:खी तथा अशांत रहता है। विविध प्रकार के कष्ट और क्लेश उसे घेरे रहते हैं। ऐसा व्यक्ति एक क्षण को भी सुख-चैन के लिए कलपता रहता है। कभी उसे शारीरिक व्याधियाँ त्रस्त करती हैं तो कभी वह मानसिक यातनाओं से पीड़ित होता है।


जो बेचैन है, अशांत है, पीड़ित है, वह संपन्नता उपार्जित करने के साधन जुटा ही नहीं सकता। उसे यातनाओं से संघर्ष करने से अवकाश ही नहीं मिलेगा। फिर भला वह संपन्नता का स्वप्न किस प्रकार पूर्ण कर सकता है ? जो शांत है, स्थिर है, निर्द्वंद है, वही कुछ कर सकने में समर्थ हो सकता है। यदि परिस्थितिवश अथवा संयोगवश किसी को संपन्नता प्राप्त भी हो जाए तो अशांत एवं व्यग्र व्यक्ति के लिए उसका कोई उपयोग नहीं। जिस वस्तु का जीवन में कोई उपयोग नहीं, जो वस्तु किसी के काम नहीं आती उसका होना भी उसके लिए न होने के समान ही है। अस्तु, "संपन्नता" प्राप्त करने के लिए "शांतिपूर्ण" परिस्थितियों की आवश्यकता है और "सुख"-"शांति" के लिए संपन्नता की अपेक्षा है । मर्यादाओं का उल्लंघन न करें - पृष्ठ-04 पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement