Rishi Chintan: Understand Thought Restraint-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऋषि चिंतन: विचार संयम को समझिए

khaskhabar.com: सोमवार, 24 जुलाई 2023 11:59 AM (IST)
विचार संयम का सही स्वरूप है- चिंतन की एक-एक लहर को रचनात्मक दिशाधारा में प्रवाहित करने हेतु किया गया कठोर पुरुषार्थ । अनगढ़ पशुओं की तरह मस्तिष्क रूपी झाड़ियों में उछल-कूद मचाने वाले अनावश्यक विचारों को एकाग्रता के द्वारा अथवा उच्चस्तरीय उद्देश्यों में तन्मयता संपादन द्वारा सही दिशा दी जा सकती है। इस प्रकार समीक्षा करने पर हम पाते हैं कि विचार संयम के दो भाग हैं। एक है-निग्रह, बिखराव को समेटकर एक दिशा में लगा देना। एकाग्रता संपादन भी उसी में आता है। दूसरा है-विचारों को निकृष्ट चिंतन से हटाकर सदुद्देश्यों में नियोजित कर देना। अपने कर्मों में उत्कृष्टता को मुखरित होने देना। विचारों का असंयम ही इंद्रिय, वाणी, समय तथा अर्थ के असंयमों, शक्ति अपव्यय का मूल कारण होता है। विचारों-की-विचारों से काट, एक बहुत बड़ा पुरुषार्थ है। इसीलिए अनिवार्य है कि कुविचारों को सद्विचारों से काटने का महाभारत अहर्निश जारी रखा जाए। कुविचार और असंस्कृत विचार ही मनुष्य के सबसे बड़े शत्रु हैं और वे ही पतन के गर्त में गिराने तथा प्रगति के पथ में अवरोध उत्पन्न करने के कारण हैं। वे तभी तक ठहरते हैं जब तक कि उनका प्रबल प्रतिरोध नहीं होता। श्रेष्ठ विचारों को चिंतन क्षेत्र में स्थान मिले और उन्हें कार्यान्वित होने के अवसर मिलते रहें, तो कोई कारण नहीं कि वे हमारे गुण, कर्म, स्वभाव में सम्मिलित न हो जाएँ और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका प्रस्तुत न करें। कहीं से भी, किसी प्रकार से भी जीवन को श्रेष्ठ, समुन्नत बनाने वाले, सुलझे हुए उत्कृष्ट विचारों को मस्तिष्क में भरने का साधन जुटाना चाहिए। स्वाध्याय से, सत्संग से, मनन से, चिंतन से जैसे भी बन पड़े वैसे यह प्रयत्न करना चाहिए कि हमारा मस्तिष्क उच्च विचारधारा में निमग्न रहे। यदि इस प्रकार के विचारों में मन लगने लगे, उनकी उपयोगिता समझ पड़ने लगे, उनको अपनाते हुए आनंद का अनुभव होने लगे, तो समझना चाहिए कि आधी मंजिल पार कर ली गई। जिस प्रकार हम दूसरे लोगों की समीक्षा करते हैं, दोष ढूँढ़ते और आलोचना-निंदा किया करते हैं, इसी तरह वरन् उससे भी अधिक कड़ाई के साथ अपने विचार संस्थान की, गुण-कर्म- स्वभाव की परख करनी चाहिए। यह क्रम आत्मचिंतन के लिए एक नियत निर्धारित समय पर नित्य ही चलाना चाहिए। असत्य, छल, निष्ठुरता, व्यभिचार, बेईमानी आदि असामाजिक अपराधों पर ही नहीं, आलस्य, प्रमाद, आवेश, असहिष्णुता, कटुभाषण, अशिष्टता, अधीरता, चिंता, निराशा, कायरता आदि व्यक्तिगत दुर्गुणों पर भी नजर रखनी चाहिए और उन्हें हटाकर प्रतिपक्षी सद्विचारों और सद्भावनाओं को मनोभूमि में प्रतिष्ठापित करने का वैसा ही प्रयत्न करना चाहिए, जैसे चतुर किसान अपने सबसे अच्छे खेत में सबसे अच्छा बीज बोकर सबसे अच्छी फसल उगाने का लाभ प्राप्त करता है । उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक सफल जीवन की दिशा-धारा पृष्ठ-47 से लिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement