Rishi Chintan: If you wish strongly, you will get what you want-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऋषि चिंतन: आप दृढ़ इच्छा कीजिए तो जो चाहोगे वही मिलेगा

khaskhabar.com: मंगलवार, 02 मई 2023 08:44 AM (IST)
वस्तुत: हमें उतनी ही सफलताएँ या उपलब्धियाँ मिलती हैं, जितनी कि हम चाहते हैं। चाहने को तो लोग न जाने क्या-क्या चाहते, आकांक्षा और इच्छाएँ रखते हैं । पर वह चाहना और बात है तथा उनका फलित होना और बात । हम चाहते तो है हमारे पास खूब संपत्ति जमा हो पर सौ में से दस प्रतिशत भी हमारे मन में संपत्तिवान बनने की आकांक्षा नहीं होती। हमें विश्वास नहीं होता कि हम भी संपत्तिशाली बन सकते हैं। पानी में डूबते समय जैसे तीव्र आकांक्षा होती है कि हम बच जाएँ और तुरंत हाथ-पाँव मारने लगते हैं। अपने शरीर का दबाव और पानी की उछाल शक्ति की हड़बड़ी में ही सही संतुलन बिठाने लगते हैं और फलस्वरूप तैरने लगते हैं। हम अमीर बनना चाहते हैं पर कभी हमारा जी अपने आस-पास की दरिद्रता से वैसा घुटता हुआ अनुभव नहीं करता जैसी घुटन पानी में डूबते समय होती है और हम छटपटाने लगते हैं।
इस तीव्र आकांक्षा के अभाव का भी कारण अपने आप के प्रति अविश्वास, अपने आपका अवमूल्यन, अपना मूल्य घटाकर देखने की कमजोरी। उदाहरण के लिए अधिकांश लोग अपनी दरिद्रता और गरीबी का कारण किस्मत और सितारों पर छोड़ देते हैं । वे समझते हैं कि सुख-संपत्ति भाग्य का खेल है और इस कदर भाग्यवादी बन जाते हैं कि अकर्मण्यता और किंकर्तव्यविमूढ़ता उनकी नस-नस में बस जाती है। इस प्रकार अपने को भाग्य के अधीन समझने वालों या अयोग्य मानने वालों को अपना मूल्यांकन करना कहाँ आता है ? उन्हें भविष्य की आशा ही कहाँ रहती है?
इसके विपरीत आत्मविश्वासी भाग्य को अपने पुरुषार्थ का दास समझता है । न्यू हैम्पशायर में डेनियल वेव्सटर को बड़ी मुश्किल से 1500 डालर का एक पद मिला था । इस नौकरी के लिए उसके पिता ने काफी पापड़ बेले और जब वे अपने लडक़े को इस पद पर नियुक्ति दिलाने में सफल हो गए तो बहुत प्रसन्न हुए और डेनियल को बधाई भी दे डाली। बधाई के समय डेनियल ने बड़ी उदासीनता से कहा-यह मेरा लक्ष्य नहीं है और मैं इस पद पर थोड़े ही समय काम करूँगा। पिता ने नाराज हो कर कहा था-तुम्हें कौन गवर्नर बना देगा? तुम एक गरीब घर में पैदा हुए हो गरीब आदमी को अपने निर्वाह का साधन मिल जाने पर ही संतुष्ट हो जाना चाहिए। प्रत्युत्तर में डेनियल ने कहा -नहीं, मैं अपने आप को गरीब नहीं मानता हूँ। मुझे आशा है कि मैं इससे अच्छा काम कर सकता हूँ । मैं अदालतों में अपनी वाणी का प्रयोग करना चाहता हूँ न कि कलम का। मैं स्वयं काम करने वाला बनना चाहता हूँ, दूसरों को काम सिखाने वाला नहीं और इसी आत्मविश्वास के बल पर डेनियल ने अपने सपनों को साकार कर दिखाया।
हम अपना मूल्यांकन करें तो हमारी प्रतिभा निश्चय का स्पर्श पाते ही जीवंत हो उठती है । इस संसार में मनुष्य के लिए न तो कोई वस्तु या उपलब्धि अलभ्य है तथा न हीं कोई व्यक्ति किसी प्रकार अयोग्य। अयोग्यता है तो इतनी भर कि वह स्वयं अपने को उस उपलब्धि के योग्य अनुभव नहीं करता। यदि अपनी क्षमताओं को पहचान कर उन का विकास किया जाए तथा आत्मीयता की संजीवनी द्वारा उन्हें जीवन्त बनाया जाए तो मनुष्य परमात्मा का राजकुमार कहलाने की स्थिति प्राप्त कर सकता है।
उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित प्रगति की प्रसन्नता की जड़ें अपने ही भीतर पृष्ठ-5 से लिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement