Rishi Chintan: Honor Karmadev-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:56 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऋषि चिंतन: कर्मदेव का सम्मान करें

khaskhabar.com: शनिवार, 05 अगस्त 2023 12:52 PM (IST)
ऋषि चिंतन:
कर्मदेव का सम्मान करें
प्रत्येक कार्य जीवन में महान संभावनाएँ लेकर आता है। छोटे-से-छोटा काम भी जीवन-विकास के लिए उसी तरह महत्त्वपूर्ण है, जिस तरह एक छोटा बीज, जो कालांतर में विशाल वृक्ष बन जाता है। किसी मनुष्य का मापदंड उसकी आयु नहीं, वरन् उसके काम ही हैं, जो उसने जीवन में किए हैं। इसलिए कर्मवीरों ने काम को ही जीवन का आधार बनाया। एक मनीषी ने तो यहाँ तक कह दिया- "हे कार्य ! तुम्हीं मेरी कामना हो, तुम्हीं मेरी प्रसन्नता हो, तुम्हीं मेरा आनंद हो।" इसमें कोई संदेह नहीं कि तुच्छ से महान, सामान्य से समर्थ एवं शक्तिशाली, रंक से राजा, मूरख से विद्वान, सामान्य से असामान्य बनाने वाले वे छोटे से लेकर बड़े सभी कार्य हैं, जो समय-समय पर हमारे सामने आकर उपस्थित होते हैं, किंतु एक हम हैं जो अनेक शिकायतें करके अपने कर्मदेव का अपमान करते हैं और जब वह हमारे द्वार से लौट जाता है, तब पश्चाताप करने और हाथ मलने के लिए ही विवश होना पड़ता है। कभी-कभी हम शिकायत करते हैं कि यह काम तो बहुत छोटा है, यह मेरे व्यक्तित्व के अनुकूल नहीं है, मैं इन तुच्छ काम के लिए नहीं हूँ आदि-आदि, लेकिन हमने कभी यह भी सोचा है कि उद्गम से आरंभ होने वाली नदी प्रारंभ में इतनी छोटी होती है कि उसे एक बालक भी पार कर सकता है। एक विशाल वृक्ष जो बहुतों को छाया दे सकता है, मीठे फलों से तृप्त कर सकता है, अनेक पक्षियों का बसेरा होता है, आरंभ में एक छोटा-सा बीज ही होता है जो तनिक-सी हवा के झोंके से उड़ सकता है। एक छोटी-सी चिड़िया भी उसे निगल सकती है। एक चींटी उसे उठाकर ले जा सकती है। बहुमूल्य मोती प्रारंभ में एक साधारण-सा बालू का कण होता है। यही स्थिति हमारे सामने आने वाले कार्यों की भी है। प्रत्येक महान और असाधारण बनाने वाला काम भी प्रारंभ में छोटा सामान्य लगता है, किंतु कर्मवीर जब उसमें एकाग्र होकर लगते हैं, वे भी महान असाधारण महत्त्व के कार्य बन जाते हैं। क्या आपको याद है कि वैज्ञानिक बनने की आकांक्षा रखने वाले बालक ऐडीसन को उसके शिक्षक ने पहले घर में झाड़ू लगाने का काम सौंपा था और जब शिक्षक ने देखा कि इस कार्य में भी बालक की वैज्ञानिक प्रतिभा और गहरी दिलचस्पी काम कर रही है, तो उसे विज्ञान की शिक्षा देनी प्रारंभ की और वह अपने इस सद्गुण को विकसित करता हुआ महान वैज्ञानिक बना। प्रत्येक महान बनने वाले व्यक्ति के जीवन का प्रारंभ उन छोटे-छोटे कार्यों से होता है, जिन्हें हम छोटे, महत्त्वहीन, सामान्य समझकर टाल देते हैं। उन पर ही हमारे जीवन की भावनाओं का भवन खड़ा होता है। मनुष्य जब अपने को कर्त्तव्य कर्मों, परिश्रम एवं पुरुषार्थ की आग में तपाता है, तो उसके भीतर सोया पड़ा नेता, समाज-सुधारक, लेखक, धर्म- प्रचारक, वैज्ञानिक अथवा उद्योगपति जाग कर ऊपर उभर आता है। उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक सफल जीवन की दिशा धारा पृष्ठ-84 से लिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement