Rishi Chintan: Give importance to wisdom than traditions-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:24 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऋषि चिंतन: परंपराओं की तुलना में विवेक को महत्व देंवे

khaskhabar.com: गुरुवार, 29 जून 2023 09:51 AM (IST)
सर्दियों की ऋतु में गरम कपड़े पहनना आवश्यक होता है पर गर्मियाँ आते ही ऊनी कपड़े पहनना छोड़कर हलके सूती वस्त्र पहने जाने लगते हैं। वर्षा ऋतु में छाता लेकर चलना आवश्यक हो जाता है, परंतु शीत ऋतु में इसकी कोई उपयोगिता नहीं रह जाती। स्वस्थ व्यक्ति को जो आहार दिया जाता है, वही आहार बीमार और व्यक्ति को दिया जाने लगे तो इससे उसका स्वास्थ्य लड़खड़ाने लगता है। खुशहाली के दिनों में पैसा खर्च करना अनुपयुक्त नहीं होता, वैसा खर्च अकाल पड़ने या दुर्दिन आने पर अनुचित सिद्ध होता है। समय के अनुसार रीति-नीति में, प्रचलन-रिवाजों में, प्रथा- परंपराओं में परिवर्तन आवश्यक ही नहीं अनिवार्य भी है। इन दिनों अपने समाज में कई परंपराएँ ऐसी हैं जिनका प्रचलन किसी देश-काल की स्थिति विशेष को दृष्टिगत रखते हुए किया गया था। उस समय उनकी उपयोगिता भी थी, परंतु आज वैसी स्थिति नहीं है, इसलिए वे परंपराएँ न केवल अपनी उपयोगिता खो चुकी हैं, वरन कुरीतियों के रूप में व्यक्ति तथा समाज की हानि भी कर रही हैं। आवश्यकता इस बात की है कि उनमें समयानुसार परिवर्तन किया जाए, कुछ में संशोधन किया जाए तथा कुछ का पूरी तरह बहिष्कार कर दिया जाए। परंपराओं के प्रचलन की प्रसांगिकता और समय परिस्थिति विशेष की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए बाल विवाह को ही लिया जाए तो प्रतीत होगा कि यह परंपरा उस समय उपयोगी रही होगी जब शासक वर्ग नागरिकों की कुमारी कन्याओं का अपहरण कर उन्हें अपने हरम में डाल लेते थे । अपहरण कुमारी कन्याओं का किया जाता था, इसलिए उचित समझा गया कि उनका विवाह छोटी आयु में ही कर दिया जाए। उस समय यह परंपरा समीचीन थी, परंतु आज न तो वैसी स्थिति है और न ही कोई किसी की जवान लड़की का अपहरण करता है। कहीं कुछ ऐसा होता भी है तो उसे दंडनीय अपराध समझा जाता है और अपराधी को दंड दिया जाता है। अस्तु अब बाल विवाह का कोई औचित्य नहीं है। मृत्यु भोज की बड़ी-बड़ी दावतें देने का प्रचलन उस समय आरंभ हुआ होगा जब बार-बार अकाल पड़ते थे और अधिकांश लोगों को भूखे प्यासे रहना पड़ता था । तब भूतात्मा की शांति के लिए भूखे-प्यासों को भोजन कराकर पुण्य प्राप्त होने की बात सोची गई, किंतु आज यह परंपरा केवल नाते-रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिचितों, मित्रों को दावत खिला देने तक सीमित रह गई है । स्पष्ट है कि इस परंपरा का निर्वाह अब न तो खाने वाले के लिए उचित कहा जा सकता है और न ही खिलाने वाले के लिए कोई गौरव की बात है । जिस घर में सदस्य को मरे हुए अभी पंद्रह दिन भी नहीं हुए हों वहाँ शोक संवेदना व्यक्त करने दिवंगत व्यक्ति के स्वजनों को सांत्वना देने के स्थान पर दावतें उड़ाने का क्या औचित्य हो सकता है? उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक अवांछनीय प्रचलनों को उलटने की आवश्यकता पृष्ठ-46 से लिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement