Advertisement
ऋषि चिंतन: असफलता से विचलित न होइए
आर्थिक घाटा हो गया तो हैरानी की क्या बात है ? अपने पास यदि क्षमता, प्रतिभा, साहस, पुरुषार्थ और कौशल मौजूद है तो आज न सही चार दिन बाद फिर आवश्यक साधन जुट जाएँगे। न भी जुट जाएँ तो थोड़ा स्तर (स्टेण्डर्ड) घटाकर कम खरच में भी अच्छा-खासा जीवन जिया जा सकता है। गरीब लोग भी तो आनंद और उल्लास की जिंदगी जीते हैं, फिर हम भी वैसा क्यों न कर सकेंगे ? खरचों में कमी कर डालने से गरीबी अखरने वाली नहीं रहती। समय ने हमारी आमदनी पर कुल्हाड़ा चलाया तो हम अपने खरचों में काट-छाँटकर आसानी से उस असंतुलन को पूरा कर सकते हैं। समय के अनुरूप अपने स्तर को घटा लेने का साहस जिसमें मौजूद है, जिसे हल्के दरजे की मजदूरी में अपना गौरव नष्ट होते नहीं दीखता, उसके लिए घाटे की स्थिति में भी परेशानी का कोई कारण नहीं।
परिस्थितियों के अनुरूप अपने को ढाल लेने का जीवन विज्ञान जिनने सीखा है उनके लिए अमीरी की तरह गरीबी में भी हँसने और प्रसन्न रहने का कारण मौजूद है। जिन्हें श्रम करने में शरम नहीं आती, जिनने प्रयत्न, पुरुषार्थ, साहस और उल्लास को नहीं खोया है वे आजीविका का उपयुक्त मार्ग आज नहीं तो कल प्राप्त कर लेंगे। कल बंगला देश एवं पंजाब में सब कुछ खोकर आए हुए और आज ठीक प्रकार जीवनयापन करने वाले शरणार्थी भाइयों का उदाहरण हमारे सामने है। अधीरता तो कायर का चिह्न है। मुफ्त की मौज उड़ाने वाले हरामखोर हानि का रोना रोएँ यह तो बात समझ में आती है, पर जिनकी नसों में पुरुषार्थ मौजूद है वह तो जमीन में लात मारकर कहीं से भी पानी निकाल लेगा। वह क्यों निराश होगा, वह क्यों सिर धुनेगा ? लक्ष्मी पुरुषार्थ की चेरी है। जिसके पास पुरुषार्थ है उसको लक्ष्मी के चले जाने की चिंता क्यों करनी चाहिए ?
उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक निर्भय बनें, शांत रहें पृष्ठ-08 से लिया गया है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
गॉसिप्स
Advertisement
Traffic
Features


